spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

हांसी जल आंदोलन: मंत्री गंगवा से ग्रामीणों की वार्ता बेनतीजा:कल निकाला जाएगा ट्रैक्टर मार्च; अनशनकारी की तबीयत बिगड़ी




हांसी जिले में भाखड़ा पाइपलाइन से पेयजल कनेक्शन की मांग को लेकर गांव चैनत में ग्रामीणों का धरना बुधवार को 33वें दिन भी जारी रहा। इसी कड़ी में लोक निर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा और ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई वार्ता बेनतीजा रही। यह बैठक हांसी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में करीब एक घंटे तक चली। बैठक के बाद धरना कमेटी के सदस्य अनूप ने बताया कि सरकार बार-बार पुरानी बातें दोहराकर ग्रामीणों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों की एकमात्र मांग हांसी के लिए बिछाई गई 36 इंच की भाखड़ा पाइपलाइन से ही गांव के लिए ‘टी’ कनेक्शन देने की है। अलग पाइपलाइन का प्रस्ताव उन्हें स्वीकार्य नहीं है। ‘ट्रैक्टर मार्च को कमजोर करना चाहती है सरकार’ अनूप ने आरोप लगाया कि सरकार वार्ताओं के जरिए ट्रैक्टर मार्च को कमजोर करना चाहती है। गांव के सरपंच प्रतिनिधि हिमांशु ने सरकार से ग्रामीणों की मांग जल्द स्वीकार करने का आग्रह किया। पूर्व सरपंच सत्यवान ने जानकारी दी कि ग्रामीणों का आमरण अनशन लगातार 9वें दिन भी जारी है। उन्होंने बताया कि अनशन पर बैठे एक ग्रामीण की तबीयत लगातार बिगड़ रही है। वहीं, लोक निर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि सरकार ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के सामने अलग पाइपलाइन और मोटर लगाने का प्रस्ताव रखा गया है। इस पूरे मामले से मुख्यमंत्री को भी अवगत करा दिया गया है। मंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार किसी भी ग्रामीण को पानी की कमी नहीं होने देगी। ‘दोषी पाए जाने पर अधिकारियों के खिलाफ होगी कार्रवाई’ मंत्री ने गांव के वॉटर टैंक निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोपों पर कहा कि यदि कोई शिकायत मिलती है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आंदोलन के दौरान बुजुर्गों और आमरण अनशन पर बैठे लोगों के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखने की अपील की। इस बीच प्रशासन ने धरना स्थल पर बुजुर्गों को बैठाने को लेकर ग्रामीणों को नोटिस भी जारी किया है। वहीं ग्रामीणों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। आज गांव चानौत से जिला सचिवालय तक ट्रैक्टर मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया जाएगा।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles