आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने हांसी के चैनत गांव में पानी की मांग कर रहे ग्रामीणों पर आधी रात को किए गए लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल को बेहद शर्मनाक और लोकतंत्र पर हमला बताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की बीजेपी सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह पानी जैसी बुनियादी जरूरत तक पूरी नहीं कर पा रहे हैं। जब जनता अपने हक का पानी मांग रही है तो सरकार समस्या का समाधान करने की बजाय डंडे बरसा रही है। अनुराग ढांडा ने कहा कि यह समझ से परे है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह से इतना छोटा सा मामला भी नहीं संभल रहे। ग्रामीण 38 दिनों से पानी मांग रहे है, कोई गैरकानूनी मांग नहीं कर रही। पूरे प्रदेश में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, कई इलाकों में 10-15 दिनों से नल सूखे पड़े हैं, किसान सिंचाई के संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार समाधान ढूंढने की बजाय जनता को डराने और दबाने में लगी हुई है। ‘नाकामी उजागर होने से डर रही सरकार’ उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर आधी रात को डेढ़ बजे पुलिस, प्रशासन, जेसीबी और भारी फोर्स लेकर चैनत गांव में जाने की जरूरत क्यों पड़ी? अगर सरकार के पास कोई समाधान था तो दिन में बातचीत क्यों नहीं की गई? रात के अंधेरे में महिलाओं, बुजुर्गों और किसानों पर कार्रवाई करवाना साबित करता है कि सरकार को अपनी जनता से नहीं, बल्कि अपनी नाकामी उजागर होने से डर लग रहा है। अनुराग ढांडा ने कहा कि बीजेपी सरकार की पुरानी आदत है कि जब भी जनता अपने अधिकारों की बात करती है तो उसके जवाब में पुलिस भेज दी जाती है। किसानों के साथ भी यही हुआ, कर्मचारियों के साथ भी यही हुआ और अब पानी मांग रहे ग्रामीणों के साथ भी यही किया जा रहा है। जनता को सुविधाएं देने में सरकार फेल है लेकिन लाठीचार्ज करवाने में सबसे आगे है। ‘अपने खर्चे पर पानी मंगवाने को मजबूर हैं पंचायतें’ उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह लगातार दावा करते हैं कि हरियाणा विकास कर रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि लोग पीने के पानी के लिए दर-दर भटक रहे हैं। गांवों में टैंकरों के भरोसे गुजारा हो रहा है। कई पंचायतें अपने खर्चे पर पानी मंगवाने को मजबूर हैं। यह बीजेपी सरकार की सबसे बड़ी प्रशासनिक विफलताओं में से एक है। अनुराग ढांडा ने कहा कि चैनत गांव में हुई कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि नायब सरकार जनता की समस्याएं सुनना नहीं चाहती। जो सरकार पानी नहीं दे सकती और सवाल पूछने पर लाठियां चलाती है, उसे जनता की सरकार कहने का कोई अधिकार नहीं है। सरकार को आंदोलन की चेतावनी दी उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री नायब सिंह तुरंत चैनत गांव के लोगों, महिलाओं और बुजुर्गों से माफी मांगें, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करें और भाखड़ा के पानी के मुद्दे का स्थायी समाधान निकालें। आम आदमी पार्टी किसानों और ग्रामीणों के साथ मजबूती से खड़ी है और जरूरत पड़ी तो इस जनविरोधी और तानाशाही रवैये के खिलाफ पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
Source link
हांसी के चैनत घटना पर AAP ने सरकार को घेरा:अनुराग ढांडा बोले-आधी रात को लोकतंत्र पर हमला, पानी मांगने वालों पर बरसी लाठियां
