हांसी में जींद रोड स्थित भाग्य लक्ष्मी खल-बिनौला फैक्ट्री में बुधवार को आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। आग ने तेजी से फैक्ट्री परिसर में रखे बारदाने और गोदाम में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। फैक्ट्री मालिक वेद प्रकाश ने बताया कि उन्हें सुबह करीब पांच बजे चौकीदार का फोन आया, जिसने फैक्ट्री में आग लगने की सूचना दी। वेद प्रकाश तुरंत मौके पर पहुंचे, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी और गोदाम में रखा बारदाना जल रहा था। इसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने पाया काबू फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कई घंटों तक लगातार पानी की बौछार की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा बारदाना और गोदाम का शेड जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था। इस घटना से फैक्ट्री मालिक को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। फैक्ट्री मालिक के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि, शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। फायर ऑपरेटर जसवीर ने जानकारी दी कि सूचना मिलते ही दमकल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने बताया कि आग काफी विकराल थी, लेकिन पांच फायर टेंडरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद उसे पूरी तरह बुझा दिया गया। इससे आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोका जा सका।
Source link
हांसी की बिनौला फैक्ट्री में आग, लाखों का नुकसान:बारदाना और गोदाम में रखा सामान जला, शॉर्ट सर्किट होने की आशंका
