हरियाणा में मानसूनी हवाएं पूरी तरह एक्टिव हो गई हैं। हरियाणा में लगातार दो दिन से मूसलाधार बारिश हो रही है। मौसम विभाग (IMD) ने आज 13 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं 6 शहरों में ऑरेंज और 7 शहरों में यलो अलर्ट जारी किया है। करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, गुरुग्राम और फरीदाबाद में ऑरेंज अलर्ट रहेगा यहां 12 सेंटीमीटर (120 mm) या उससे भी अधिक बारिश दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा झज्जर, रेवाड़ी, नारनौल, पलवल, नूंह, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला में यलो अलर्ट के दौरान 7 सेंटीमीटर या इससे अधिक बारिश के आसार हैं। उधर, 7 जिलों और हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र में बारिश के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने तेज बारिश को लेकर एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि निचले इलाकों में गंभीर जलभराव होने, अंडरपास बंद होने, बिजली-पानी जैसी म्यूनिसिपल सेवाएं ठप होने का खतरा है। इसी वजह से प्रशासन और आम जनता को पहले से तैयार रहने के लिए ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। हरियाणा में बारिश की 2 तस्वीरें… आज और कल अच्छी बारिश के संकेत
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले 3 दिनों (10 जुलाई तक) पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। 10 जुलाई को उत्तर हरियाणा (अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर) में तेज बारिश हो सकती है, जबकि दक्षिण हिस्से में यह धीरे-धीरे कम होगी। इसके बाद, 11 और 12 जुलाई को मानसूनी गतिविधियां थोड़ी धीमी पड़ेंगी और केवल कुछ ही स्थानों पर सीमित होकर रह जाएंगी, जिससे पश्चिमी जिले सिरसा, फतेहाबाद और हिसार पूरी तरह शुष्क हो सकते हैं। पिछले 24 घंटे में कहां, कितनी हुई बारिश
हरियाणा में बीते 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सबसे ज्यादा बारिश गुरुग्राम में 83.0 mm और करनाल में 79.5 mm दर्ज की गई। इसके अलावा पलवल में 42.0 mm, यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज पर 36.0 mm, नुंह में 25.5 mm बारिश हुई। वहीं अंबाला में 19.9 mm, कैथल में 15.5 mm, रोहतक में 6.8 mm, महेंद्रगढ़ में 4.0 mm, सिरसा, हिसार और फतेहाबाद में पूरी तरह सूखा रहा। जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान… बारिश से अधिकतम तापमान 5 डिग्री तक गिरा : प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण दिन के अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 5.2°C नीचे आ गया है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 4.7°C तक की कमी आई। गुरुग्राम में दिन का पारा गिरकर 29.0°C और करनाल में 29.6°C पर आ गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 36.2°C रिकॉर्ड किया गया। रात के तापमान में 2.2 डिग्री की गिरावट : न्यूनतम तापमान की बात करें तो बारिश के चलते इसमें भी औसतन 2.2°C की गिरावट देखी गई है, जिससे रातें काफी ठंडी और सुहावनी हो गई हैं। अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास या उससे नीचे बना हुआ है। अंबाला में 26.6°C, हिसार में 26.1°C और करनाल में 25.0°C दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में रोहतक में सबसे अधिक 3.8°C की गिरावट दर्ज हुई। मौसम विभाग के अनुसार, सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल में 23.5°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7°C कम है।
Source link
