Related Posts

हरियाणा केंद्रीय यूनिवर्सिटी में एडमिशन शुरू:17 जुलाई तक होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, स्नातक (यूजी) की 315 सीटों पर मिलेगा प्रवेश




महेंद्रगढ़ स्थित हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 7 जुलाई से 17 जुलाई तक विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय इस वर्ष कुल 315 सीटों पर रोजगारोन्मुख एवं बहुविषयक पाठ्यक्रमों में प्रवेश दे रहा है। इनमें बीएससी (ऑनर्स) मनोविज्ञान, बीवोक (बायोमेडिकल साइंसेज), बीवोक (इंडस्ट्रियल वेस्ट मैनेजमेंट), बीवोक (रिटेल एंड लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट) तथा इंटीग्रेटेड बीएससी.-एमएससी (रसायन विज्ञान, गणित एवं भौतिकी) शामिल हैं। बीटेक, आईटीईपी (बीए-बीएड) तथा बीबीए सहित अन्य स्नातक कार्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया अलग से अधिसूचित की गई है। शिक्षा नीति के अनुरुप उपलब्ध कराया जा रहा वातावरण : प्रो. टंकेश्वर इस अवसर पर कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण, बहुविषयक एवं रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करने के अपने संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को ज्ञान, कौशल, नवाचार एवं अनुसंधान आधारित शिक्षण वातावरण उपलब्ध करा रहा है। प्रो. कुमार ने देशभर के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का विश्वविद्यालय परिवार में स्वागत करते हुए विश्वास दिलाया कि यहां उन्हें उत्कृष्ट शैक्षणिक संसाधनों के साथ व्यक्तित्व विकास एवं करियर निर्माण के भरपूर अवसर प्राप्त होंगे। रजिस्ट्रेशन के दौरान अपलोड करें सभी दस्तावेज नोडल अधिकारी डॉ. तेजपाल ढेवा ने जानकारी दी कि स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 7 जुलाई से शुरू होकर 17 जुलाई तक चलेगी। उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते अपना रजिस्ट्रेशन पूरा करें तथा आवेदन पत्र भरते समय सभी आवश्यक दस्तावेज एवं विवरण सावधानीपूर्वक अपलोड करें। प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जा रही है। डॉ. ढेवा ने आगे बताया कि विश्वविद्यालय में बहुविषयक शिक्षा, आधुनिक स्मार्ट कक्षाएं, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, अनुभवी एवं योग्य संकाय, अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (ABC), मल्टीपल एंट्री एवं एग्जिट प्रणाली, वैल्यू एडेड पाठ्यक्रम, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सुविधा, हरित एवं वाई-फाई युक्त परिसर, छात्र-छात्राओं के लिए आधुनिक छात्रावास तथा समृद्ध पुस्तकालय जैसी उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध हैं। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.cuh.ac.in पर उपलब्ध है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें