करनाल जिले के घरौंडा क्षेत्र में गौशालाओं के विकास और बेहतर प्रबंधन को लेकर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने वीरवार को विभिन्न गौशालाओं का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गौ माताओं के रख-रखाव, स्वच्छता, पोषण और निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही करीब 40 लाख रुपए की अनुदान राशि के चेक वितरित कर गौशाला समितियों का उत्साहवर्धन किया। दौरे के दौरान हरविंदर कल्याण ने घरौंडा गौशाला को 27 लाख 94 हजार 500 रुपए, कालरौं गौशाला को 1 लाख 89 हजार 980 रुपए, मधुबन गौशाला को 2 लाख 95 हजार 320 रुपए और गगसीना गौशाला को 71 हजार 160 रुपए की अनुदान राशि के चेक दिए। उन्होंने कहा कि यह सहायता गौशालाओं में सुविधाएं मजबूत करने के लिए दी गई है। निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया फीडबैक विधानसभा अध्यक्ष ने पक्का पुल धाम मधुबन गौशाला, कालरौं, घरौंडा और गगसीना गौशालाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां चल रहे कार्यों की जानकारी ली और प्रबंधन समितियों से फीडबैक लिया। स्थानीय नागरिकों और समिति सदस्यों ने उनका फूल-मालाओं और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। गौसेवा का महत्व बताया, खुद खिलाया चारा दौरे के दौरान हरविंदर कल्याण ने स्वयं गौमाताओं को चारा खिलाया और गौसेवा के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि गौशालाएं हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं और समाज में सेवा व करुणा की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने साफ-सफाई, पोषण और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर करने पर जोर दिया। लोगों से सहयोग की अपील उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे गौसेवा में सक्रिय भागीदारी निभाएं और असहाय पशुओं के संरक्षण के लिए मिलकर काम करें। उन्होंने गौशाला समितियों के प्रयासों की सराहना करते हुए हर संभव सरकारी सहयोग का आश्वासन दिया। तकनीक से भ्रष्टाचार खत्म करने पर जोर हरविंदर कल्याण ने कहा कि तकनीक और डिजिटल माध्यम भ्रष्टाचार खत्म करने का सबसे बेहतर तरीका हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में तेजी तब आती है जब गांव के लोग मिलकर काम करते हैं। बिना सिफारिश मिल रही नौकरियां उन्होंने दावा किया कि सरकार में नौकरियां बिना सिफारिश और पैसे के दी जा रही हैं। गरीब परिवारों के पढ़े-लिखे बच्चे अपनी मेहनत से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि मकानों के लिए भी सरकार बजट जारी कर रही है और पात्र लोगों को इसका लाभ मिल रहा है। उन्होंने लोगों से कहा कि वे आपसी मनमुटाव खत्म कर एकजुट होकर समाज के विकास के लिए काम करें।
Source link
स्पीकर ने गौशालाओं को ₹40 लाख की अनुदान राशि बांटी:घरौंडा में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, गायों को खिलाया चारा, समितियों से लिया फीडबैक
