सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में बस रूट और कर्मचारियों को लाने-ले जाने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी के सुपरवाइजर ने प्रतिद्वंद्वी ट्रैवल्स कंपनी के बस चालक पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने, जान से मारने की धमकी देने और बस में घुसकर जानलेवा हमला करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। घायल सुपरवाइजर को पहले खरखौदा के सरकारी अस्पताल और बाद में पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया, जहां दो दिन उपचार के बाद उसे छुट्टी मिली। शिकायत के आधार पर खरखौदा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कर्मचारियों को उठाने को लेकर शुरू हुआ विवाद गांव बिधलान के रहने वाले रविंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रवि ट्रांसपोर्ट कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है और उनकी बसें बरोणा स्थित मदरसन कंपनी के कर्मचारियों को लाने-ले जाने का काम करती हैं। करीब 15-20 दिन पहले केबीएस ट्रैवल्स की एक बस उनके रूट के कर्मचारियों को भी ले जाने लगी थी। इस संबंध में उन्होंने केबीएस ट्रैवल्स के सुपरवाइजर से बातचीत की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। फोन पर दी थी जान से मारने की धमकी शिकायतकर्ता के अनुसार विवाद के बाद गांव सिसाना निवासी जोगेंद्र उर्फ काला का फोन आया। उसने कथित रूप से रविंद्र को जान से मारने और गायब कर देने की धमकी दी। साथ ही कहा कि वह चाहे पुलिस में शिकायत कर ले, उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। रविंद्र ने इसकी जानकारी मदरसन कंपनी के उच्च अधिकारियों को दी। अधिकारियों द्वारा केबीएस ट्रैवल्स के संचालक से बातचीत करने पर आश्वासन दिया गया कि भविष्य में ऐसा नहीं होगा। बस में चढ़कर किया हमला, हेलमेट और कड़े से पीटा रविंद्र का आरोप है कि 29 मई की रात करीब 11 बजे जब वह सिसाना गांव के कर्मचारियों को बस से उतार रहा था, तभी जोगेंद्र उर्फ काला अचानक बस में चढ़ गया। आरोप है कि उसने अभद्र भाषा और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए हेलमेट और हाथ में पहने कड़े से उसके चेहरे, नाक, मुंह, गले, सिर, छाती और हाथों पर हमला कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी लगातार मारपीट करता रहा और रवि ट्रैवल्स के मालिक चिराग को जान से मारने तथा कंपनी की बसों को नुकसान पहुंचाने की धमकियां भी देता रहा। राहगीरों ने बचाई जान, बाइक से किया पीछा
शिकायत में कहा गया है कि बस में मौजूद कुछ राहगीरों और अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर आरोपी को जबरन नीचे उतारा। इसके बाद रविंद्र किसी तरह अपनी जान बचाकर बस लेकर वहां से निकल गया। आरोप है कि आरोपी ने बाइक पर उसका पीछा भी किया और गांव सिलाना तक उसके पीछे आया। गंभीर हालत में अस्पताल से पीजीआई तक पहुंचा मामला घर पहुंचने के बाद रविंद्र को परिजन रात करीब 12 बजे खरखौदा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने पुलिस को सूचना दी। हालांकि घायल की हालत गंभीर होने के कारण वह बयान देने की स्थिति में नहीं था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। परिवार और बसों की सुरक्षा की मांग रविंद्र कुमार ने पुलिस से मांग की है कि जोगेंद्र उर्फ काला से उसे और उसके परिवार को जान का खतरा है। साथ ही रवि ट्रैवल्स की बसों और कंपनी संचालक को भी सुरक्षा प्रदान की जाए। उसने आरोपी के खिलाफ जातिसूचक गालियां देने, जान से मारने की धमकी देने और जानलेवा हमला करने के आरोपों में सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दर्ज किया मामला
खरखौदा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115, 126 और 351(3) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की आगामी जांच थाना खरखौदा के जांच अधिकारी को सौंपी गई है।
Source link
सोनीपत में बस रूट विवाद में सुपरवाइजर पर जानलेवा हमला:पीजीआई तक पहुंचा घायल; जातिसूचक गालियां व हत्या की धमकी का आरोप
