![]()
सोनीपत जिले के एक गांव में पारिवारिक जमीन विवाद में एक महिला ने अपने देवर और भतीजे पर खेत में ले जाकर मारपीट करने और जबरन जहरीला पदार्थ पिलाने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना से पहले भी कई बार पुलिस को शिकायत दी गई थी और डायल-112 पर कॉल कर सुरक्षा की मांग की गई थी, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। महिला फिलहाल उपचाराधीन है, जबकि परिजन पुलिस पर मामले को दबाने और आत्महत्या का प्रयास बताकर आरोपियों को बचाने का आरोप लगा रहे हैं। वहीं मुरथल थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जमीन विवाद बना घटना की वजह दीपालपुर निवासी सुनील ने बताया कि उसका अपने भाई अनिल के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। परिवार के अनुसार इसी विवाद के चलते रविवार को उसकी पत्नी सुमन खेत पर गई थी, जहां पहले से मौजूद उसके देवर अनिल और भतीजे मोहित ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने जबरन उसे जहरीला पदार्थ पिला दिया। फोन पर दी सूचना, खेत में बेहोश मिली महिला परिजनों के अनुसार महिला ने किसी तरह फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य खेत पहुंचे, जहां सुमन बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। इसके बाद उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत में रोहतक किया गया रेफर परिजनों ने बताया कि सबसे पहले महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है। पहले भी पुलिस को दी गई थीं शिकायतें सुनील का आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर पहले भी कई बार पुलिस को शिकायत दी गई थी। उन्होंने बताया कि घटना से पहले डायल-112 पर भी कॉल कर सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। परिवार का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो इस घटना को रोका जा सकता था। पीड़िता ने सुनाई आपबीती पीड़िता सुमन ने बताया कि परिवार में जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। उनके अनुसार बुधवार को भी उन्होंने पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। रविवार को वह अपने बेटे के साथ खेत में गई थीं। बेटा उन्हें खेत पर छोड़कर घर लौट गया, जिसके बाद उनके देवर अनिल और भतीजे मोहित ने कथित तौर पर उन्हें पकड़ लिया, मारपीट की और जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। पहले भी मिल चुकी हैं जान से मारने की धमकियां
सुमन का आरोप है कि आरोपी पहले भी कई बार उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे चुके हैं। उनका कहना है कि देवर शराब के नशे में घर आकर चाकू दिखाकर डराता-धमकाता था। पीड़िता का दावा है कि जमीन के विवाद को लेकर लगातार उन पर दबाव बनाया जा रहा था और इसी साजिश के तहत खेत में बुलाकर घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस पर मामले को दबाने का आरोप पीड़िता ने आरोप लगाया कि उन्होंने बुधवार और गुरुवार दोनों दिन थाने में शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि अब पुलिस इस मामले को आत्महत्या का प्रयास बताकर आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और न्याय की मांग की है। मुरथल थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार सभी तथ्यों, मेडिकल रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Source link







