![]()
सोनीपत में जिला रोजगार कार्यालय ने व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के तहत मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जटोला में एक करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के 68 विद्यार्थियों और 4 अध्यापकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न रोजगार और करियर के अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। जिला रोजगार अधिकारी मनोज कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि 10वीं और 12वीं के बाद अपने भविष्य का चयन हमेशा अपनी रुचि, योग्यता और प्रतिभा के अनुसार करना चाहिए। ‘अभिरुचि के आधार पर लक्ष्य निर्धारित करें’ उन्होंने जोर दिया कि हर विद्यार्थी को अपनी अभिरुचि के आधार पर स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ उसे प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए। मनोज कुमार ने यह भी बताया कि सफलता केवल कड़ी मेहनत से नहीं, बल्कि सही दिशा में किए गए निरंतर प्रयासों से मिलती है। प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित जानकारी दी विद्यार्थियों को रोजगार, कौशल विकास, उच्च शिक्षा और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित अवसरों की भी जानकारी दी गई, ताकि वे समय रहते अपने करियर की उचित योजना बना सकें। इस अवसर पर सहायक रोजगार अधिकारी कनव वनायक, प्रधानाचार्य विजेंद्र परासर, नीलम और विद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।
Source link
सोनीपत में छात्रों को मिला करियर का मंत्र:रोजगार विभाग ने किया मार्गदर्शन, बोले-रुचि और योग्यता के अनुसार चुनें करियर







