Related Posts

सोनीपत में कृषि यंत्रों पर मिलेगा 50%अनुदान:डीसी नेहा सिंह बोलीं- किसान 3 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन; ड्रा से निकलेगा नाम




सोनीपत की उपायुक्त नेहा सिंह ने जिले के किसानों से राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आरकेवीवाई) के फसल अवशेष प्रबंधन (सीआरएम) घटक के तहत कृषि यंत्रों पर मिल रहे अनुदान का लाभ उठाने का आह्वान किया है। इच्छुक किसान 3 अगस्त 2026 तक विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत व्यक्तिगत किसानों को 50 प्रतिशत तक का अनुदान दिया जाएगा। इसमें सुपर सीडर, सुपर एसएमएस, हैप्पी सीडर, स्मार्ट सीडर, पैडी स्ट्रॉ चॉपर, एमबी प्लाऊ, जीरो टिल सीड ड्रिल, सरफेस सीडर, क्रॉप रीपर, स्ट्रॉ बेलर, स्ट्रॉ रेक और श्रब मास्टर/रोटरी स्लेशर जैसे 12 आधुनिक यंत्र शामिल हैं। एक परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) से केवल एक ही आवेदन मान्य होगा। किसान ‘मेरी फसल मेरा ब्योरा’ पोर्टल पर पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से www.agriharyana.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डॉ. वीरेंद्र आर्य ने बताया कि जिन किसानों ने पिछले तीन वर्षों (2023-24 से 2025-26) में संबंधित कृषि यंत्र पर सब्सिडी ली है, वे इस योजना के पात्र नहीं होंगे। इसके अतिरिक्त, जिन किसानों या उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर पिछले दो सीजन में पराली जलाने के कारण रेड एंट्री दर्ज है, उन्हें भी लाभ नहीं मिलेगा। सहायक कृषि अभियंता नवीन हुड्डा ने बताया कि लक्ष्य से अधिक आवेदन आने पर उपायुक्त नेहा सिंह की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति द्वारा ऑनलाइन ड्रॉ के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित किसानों को दस्तावेज सत्यापन के बाद 14 अगस्त तक मंजूरी मिलेगी और वे 31 अगस्त 2026 तक यंत्र खरीद सकेंगे। यंत्र खरीदने के लिए भुगतान केवल ऑनलाइन, बैंक या चेक के जरिए होगा; नकद भुगतान मान्य नहीं है। भौतिक सत्यापन सफल होने के बाद अनुदान राशि सीधे किसानों के बैंक खातों (डीबीटी) में भेजी जाएगी। अधिक जानकारी के लिए किसान उप कृषि निदेशक कार्यालय या मोबाइल नंबर 8053664486 और 9468351298 पर संपर्क कर सकते हैं।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें