![]()
सोनीपत स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में बुधवार को कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सशस्त्र बलों के साहस और बलिदान को याद करना तथा युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना था। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने कारगिल विजय दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनके माध्यम से वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर कारगिल युद्ध पर आधारित एक प्रेरणादायी डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई, जिससे विद्यार्थियों को भारतीय सेना के अदम्य साहस और बलिदान से परिचित होने का अवसर मिला। देश के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है कारगिल विजय दिवस : सुरेश कुमार कार्यक्रम का संचालन और मार्गदर्शन वरिष्ठ वर्ग अनुदेशक सुरेश कुमार ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य विजय का उत्सव नहीं है, बल्कि यह भारत की राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। कुमार ने बताया कि भारतीय सेना ने कठिन परिस्थितियों में अद्वितीय साहस का परिचय देते हुए ‘ऑपरेशन विजय’ को सफल बनाया। उन्होंने कारगिल की दुर्गम चोटियों पर पुनः तिरंगा फहराकर पूरे राष्ट्र का गौरव बढ़ाया। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे वीर सैनिकों के त्याग, समर्पण और अनुशासन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। कारगिल के शहीदों को किया नमन उन्होंने कहा कि यह दिवस हमें उन वीर सैनिकों, उनके परिवारों और देश की सीमाओं की सुरक्षा में दिन-रात समर्पित सभी सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है। इस अवसर पर संस्थान के अन्य स्टाफ सदस्यों ने भी कारगिल विजय दिवस पर अपने विचार व्यक्त किए और शहीदों के बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम में हरेन्द्र सिंह, सुरेन्द्र कुमार, सुभाष चन्द्र, दीपक, सीमा देवी, सुनील कुमारी, जगबीर राणा, हरदीप, अमित कटारिया, अनिल, राजेश गौतम और प्रदीप सहित संस्थान के अन्य स्टाफ सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Source link
सोनीपत में कारगिल विजय दिवस मनाया गया:शहीदों को श्रद्धांजलि दी, विद्यार्थियों ने दी देशभक्ति प्रस्तुतियां, डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई







