spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

सोनीपत में कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना:सांसद बोले- शिक्षा-रोजगार संकट पर होगा राज्यव्यापी प्रदर्शन; देश का युवा निराश




सोनीपत में कांग्रेस पार्टी ने देश में बढ़ते शिक्षा और रोजगार संकट को लेकर सरकार के खिलाफ राज्यव्यापी जनजागरण अभियान शुरू करने की घोषणा की है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर पार्टी जल्द ही युवाओं के समर्थन में यह अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत कांग्रेस राहुल गांधी के ‘कोटा फैक्ट्री’ कार्यक्रम के प्रमुख बिंदुओं को आधार बनाकर लचर परीक्षा प्रणाली, पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर छात्रों व अभिभावकों को एकजुट करेगी। युवाओं की आवाज को व्यापक स्तर पर उठाने के लिए कांग्रेस की जिला इकाइयां जमीनी स्तर पर मोर्चा संभालेंगी। रविवार को सुभाष चौक स्थित कांग्रेस भवन में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष संजीव दहिया ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में सांसद सतपाल ब्रह्मचारी मौजूद रहे। प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के अवसरों को लेकर केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों की कड़े शब्दों में आलोचना की और इसे युवा विरोधी करार दिया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि देश का युवा आज शिक्षा और रोजगार के दोहरे संकट का सामना कर रहा है। विभिन्न प्रवेश और भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रही अनियमितताओं, प्रश्नपत्र लीक होने तथा भर्ती प्रक्रियाओं में जानबूझकर की जा रही देरी के कारण युवाओं में भारी निराशा और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने विशेष रूप से नीट (NEET) परीक्षा, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) से जुड़े हालिया विवादों और विभिन्न सरकारी भर्ती परीक्षाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन घोटालों ने देश के लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों की रात की नींद उड़ा दी है। ग्रामीण जिला अध्यक्ष संजीव दहिया ने कहा कि कांग्रेस युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों को संसद से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने जिला इकाइयों को आगामी अभियान से संबंधित सभी कार्यक्रमों और गतिविधियों की रिपोर्ट संगठन के निर्धारित प्लेटफार्म पर नियमित रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। इस प्रेस वार्ता में सरकार के खिलाफ एकजुटता दिखाने के लिए विधायक इंदुराज नरवाल, पूर्व विधायक जयबीर बाल्मीकि, पूर्व विधायक पदम सिंह दहिया, सुरेंद्र शर्मा, जयवीर अंतिल, जयभगवान आंतिल, प्रशांत शर्मा, मुकेश पन्नालाल, जयकवार खत्री, प्रेम नारायण गुप्ता, नीटू दहिया और सुनील दहिया सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles