![]()
सिरसा जिले में डबवाली पुलिस ने कालांवाली के वार्ड नंबर-6 में हुई लूट की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक नाबालिग सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान कुलबीर, विक्की, मनी कुमार और एक नाबालिग के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 19 जून को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि वह घर पर अकेली थी, तभी दो युवक खुद को इन्वर्टर मैकेनिक बताकर घर में घुस आए। आरोपियों ने महिला को बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी दी और घर में रखे करीब 3.50 लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसपी जसलीन कौर के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई। सीआईए डबवाली, थाना कालांवाली, पुलिस चौकी कालांवाली और साइबर सेल की एक संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना तंत्र का उपयोग कर आरोपियों की पहचान की। नकदी और जेवरात की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही पुलिस सीआईए डबवाली के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई और सभी आरोपियों को 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। पुलिस लूटी गई नकदी और जेवरात की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही है, और मामले की आगे की जांच जारी है। एक आरोपी पर पहले से केस जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी मनी कुमार के खिलाफ वर्ष 2023 में नशा तस्करी के 3 मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने कहा है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Source link
डबवाली लूटकांड का 24 घंटे में खुलासा:नाबालिग समेत 4 आरोपी काबू, नकदी-जेवर बरामदगी के प्रयास जारी







