![]()
सोनीपत जिले के गोहाना शहर थाना पुलिस ने एक महिला की हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए एक अपचारी बालक को संरक्षण में लिया है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे बाल न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे अंबाला स्थित बाल सुधार गृह भेज दिया गया। यह कार्रवाई उसके परिजनों की मौजूदगी में की गई। यह मामला तब सामने आया जब 25 मई 2026 को निजामुद्दीन नामक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी। उसने बताया कि 24 मई की रात को संदीप नामक व्यक्ति ने उसे अपने घर बुलाया था। संदीप ने लोहे के कबाड़ से भरा एक कट्टा उठवाने का बहाना बनाया था। उस समय संदीप का भतीजा (जो अब अपचारी बालक है) और उत्तर प्रदेश निवासी उसका दोस्त गुलजार भी वहां मौजूद थे। निजामुद्दीन को कट्टे का वजन और उसकी बनावट देखकर संदेह हुआ। पूछने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि कट्टे में लोहा नहीं, बल्कि संदीप की पत्नी का शव है, जिसकी उन्होंने हत्या कर दी थी। खाली प्लॉट की नींव में फेंका था शव डरकर निजामुद्दीन ने कट्टे को पास के एक खाली प्लॉट की नींव में रखवा दिया। इसके बाद उसने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी और फिर पुलिस को सूचित किया गया। इस संबंध में गोहाना शहर थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। गोहाना शहर थाना के सहायक उप निरीक्षक दिनेश की टीम ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति संदीप निवासी घडवाल, गोहाना और उसके साथी गुलजार निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। मामले की गहन जांच और अन्य आरोपियों की तलाश के दौरान इस अपचारी बालक की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया।
Source link
सोनीपत महिला हत्याकांड में बालक को अभिरक्षा में लिया:बाल सुधार गृह भेजा गया, प्लॉट में मिली थी लाश, मुख्य आरोपी पहले गिरफ्तार







