![]()
सिरसा रोडवेज डिपो के महाप्रबंधक (जीएम) कुलदीप जांगड़ा का अचानक तबादला कर उन्हें चंडीगढ़ मुख्यालय भेज दिया गया है। हरियाणा परिवहन विभाग की ओर से जारी तबादला सूची में केवल दो महाप्रबंधकों के नाम शामिल हैं। सिरसा डिपो की कमान अब अजय कुमार को सौंपी गई है, जबकि कुलदीप जांगड़ा को चंडीगढ़ मुख्यालय में जीए का कार्यभार दिया गया है। उनके तबादले को लेकर विभागीय और राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों के अनुसार, हाल ही में जीएम कुलदीप जांगड़ा ने डिपो में कार्यालयों में कार्यरत अधिकांश कर्मचारियों को मार्ग ड्यूटी पर लगाने के आदेश जारी किए थे। इनमें यूनियन से जुड़े कुछ कर्मचारी भी शामिल थे। इस निर्णय के बाद कुछ कर्मचारियों ने आपत्ति जताई। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ कर्मचारी प्रभावशाली राजनीतिक नेताओं के करीबी हैं। इसके बाद मामला उच्च स्तर तक पहुंचा और इसी बीच तबादले के आदेश जारी हो गए। इसके अलावा जीएम ने एक यार्ड मास्टर की अनुपस्थिति तथा एक कंडक्टर से संबंधित रिपोर्ट भी मुख्यालय को भेजी थी, जिसके बाद विभाग के भीतर हलचल बढ़ गई थी। बंद रूट दोबारा हुए शुरू कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों को मार्ग ड्यूटी पर लगाने के बाद पिछले कुछ समय से बंद पड़े कई ग्रामीण रूटों पर बसों का संचालन फिर शुरू हो गया था। वर्कशॉप में खड़ी बसें भी दोबारा सड़कों पर उतरने लगी थीं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को परिवहन सुविधा मिलने लगी। हालांकि, इस फैसले का कुछ कर्मचारियों ने विरोध भी किया था। तीन माह पहले ही संभाला था कार्यभार कुलदीप जांगड़ा करीब तीन माह पहले नूंह से तबादला होकर सिरसा आए थे। इससे पहले भी वे सिरसा में सेवाएं दे चुके हैं। उनके आने से पहले डिपो का अतिरिक्त कार्यभार अनीत कुमार के पास था, जिन्हें बाद में झज्जर भेज दिया गया। जांगड़ा अपनी कार्यशैली, सादगी और ईमानदार छवि के लिए जाने जाते हैं। वे अक्सर देर शाम तक कार्यालय में बैठकर कार्यों की समीक्षा करते थे और डिपो का नियमित निरीक्षण भी करते थे। कर्मचारियों और यात्रियों से जुड़ी शिकायतों पर भी वे त्वरित कार्रवाई करते थे। परिवहन विभाग के मुख्य सचिव डॉ. राजा शेखर की ओर से जारी आदेशों के बाद उनके तबादले को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। वहीं, कुछ स्थानीय भाजपा नेताओं में भी इस फैसले को लेकर नाराजगी की चर्चा है। जानिएं संगठनों के नोट में क्या लिखा मुख्यमंत्री के नाम लिखा नोट:जीएम के खिलाफ रची साजिश सविनय निवेदन यह है कि हम हरियाणा रोडवेज, सिरसा डिपो के निष्ठावान कर्मचारी, आम नागरिक, सामाजिक संगठन और ग्राम पंचायतें आपका ध्यान सिरसा डिपो में चल रही कुछ अनुचित गतिविधियों और ईमानदार अधिकारी के खिलाफ रचे जा रहे षड्यंत्र की ओर आकृष्ट करना चाहते हैं। कुछ स्वार्थी तत्वों और कामचोर कर्मचारियों द्वारा राजनीतिक दबाव बनाकर डिपो के वर्तमान महाप्रबंधक (GM) कुलदीप जांगड़ा के खिलाफ झूठी और द्वेषपूर्ण शिकायतें भेजी गई है, जिनका एकमात्र उद्देश्य तबादला करवाना है।
महोदय, पूर्व में सिरसा डिपो में 100 से अधिक कर्मचारी अपनी मूल ड्यूटी से नदारद (गायब) रहते थे। जीएम ने उनको उनके मूल कार्य पर लगाया है। अब बौखलाहट में उनके खिलाफ भ्रामक शिकायतें कर रहे हैं। जैसे प्रतिदिन लगभग 9000 किलोमीटर अतिरिक्त बस संचालन बढ़ाया गया है। इससे विभाग के काम करने वाले ईमानदार कर्मचारियों और सअधिकारियों का मनोबल पूरी तरह से टूट जाएगा। ये तबादला गलत और नकारात्मक संदेश जाएगा।
Source link
सिरसा रोडवेज GM कुलदीप जांगड़ा का ट्रांसफर:3 माह बाद ही मुख्यालय भेजा; अजय कुमार को मिली नई जिम्मेदारी







