कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा के कुलदीप सिंह (38) का कोई सुराग नहीं लग पाया। बीती पूरी रात परिवार नहर पर पहरा लगाकर बैठा रहा। परिवार और पुलिस को कुलदीप के नहर में कूदने की आशंका है। हालांकि किसी ने उसे नहर में कूदते नहीं देखा। परिवार उसके सही-सलामत घर लौटने की दुआ मांग रहा है। कल गुरुवार को कुलदीप सिंह सुसाइड की आशंका के बीच लापता हो गया था। उसने परिवार को वीडियो भेजकर अपनी परेशानी बताई थी। उसके बाद से लगातार उसका फोन बंद आ रहा है। देर शाम उसकी बाइक भी ज्योतिसर गांव के पास भाखड़ा नहर के किनारे लावारिस हालत में मिली थी। तीन बच्चों का पिता संजीव कुमार ने बताया कि वे कल पूरी रात से कुलदीप को फोन करने की कोशिश कर रहे हैं। सुबह भी उसने कुलदीप के मोबाइल नंबर पर कॉल किया था। उसका छोटा भाई कुलदीप शादीशुदा है। उसके पास दो बेटी वंशिका 16, हर्षिका (14) और बेटा खुशविंद्र (10) है। घटना के बाद से परिवार काफी चिंतित है। ट्रांसपोर्टर पर धोखा करने के आरोप संजीव कुमार ने बताया कि उसका छोटा भाई कुलदीप सिंह ट्रांसपोर्ट के काम से जुड़ा है। उसने अपनी गाड़ियां ट्रांसपोर्ट में लगा रखी हैं। करीब 10 साल पिहोवा की अनाज मंडी में पास के गांव के ट्रांसपोर्टर के साथ काम कर रहा है। इस ट्रांसपोर्ट का पूरा काम कुलदीप ही संभालता है। आरोप लगाया कि इस ट्रांसपोर्टर ने कुलदीप का मकान धोखे से अपने नाम करवा लिया। मोबाइल पर भेजी 4 वीडियो कल दोपहर को कुलदीप ने उसके मोबाइल पर चार वीडियो भेज दीं। वीडियो भेजने के बाद उसका फोन बंद हो गया। इन वीडियो में कुलदीप ट्रांसपोर्टर समेत कई लोगों पर पैसे के लेन-देन और उसके साथ धोखा करने की बात कह रहा है। कुलदीप ने अपना घर के सोने-चांदी के जेवर गिरवी रखकर ट्रांसपोर्टर को करीब 23 लाख रुपए दिए। जान से मारने की धमकी दी पैसे लेने के बावजूद ट्रांसपोर्टर उसका मकान खाली करवाने और सामान बाहर फेंकने की धमकियां दे रहा है। साथ ही ट्रांसपोर्टर ने मकान खाली नहीं करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इसके अलावा प्रवीन के साथ 16-17 लाख, कैथल के चीका के चावल एजेंट पर किराए के 8-9 लाख समेत कुछ लोगों के साथ लेनदेन की बात सामने आई है।
Source link
