![]()
उत्तराखंड के अल्मोड़ा में अपने ससुर की हत्या करने वाले हरियाणा के हांसी निवासी दामाद धर्मवीर शर्मा और उसकी पत्नी जानकी पांडेय को पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के कटरा से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर अल्मोड़ा लाया गया है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि धर्मवीर के ससुर चंद्रशेखर पांडेय शराब के नशे में अपनी पत्नी खष्टी देवी के साथ अक्सर मारपीट और गाली-गलौज करता था। इससे तंग आकर बेटी और दामाद ने करीब एक महीने तक हत्या की साजिश रची और 20 जून की रात चंद्रशेखर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अगले दिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों कई राज्यों में ठिकाने बदलते रहे, लेकिन पुलिस ने 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी इनपुट के आधार पर उन्हें कटरा से गिरफ्तार कर लिया। अब सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरी घटना… 20 जून की रात को चंद्रशेखर पर दरांती से हमला चंद्रशेखर ने अपनी बेटी जानकी पांडेय की शादी 19 अप्रैल 2026 को हरियाणा के हांसी स्थित शेखपुरा गांव निवासी धर्मवीर शर्मा से की थी। अल्मोड़ा जिले के सैली गांव निवासी नारायण दत्त ने 22 जून को दन्या थाने में शिकायत दी कि 20 जून की रात उनकी बेटी जानकी पांडेय और दामाद धर्मवीर शर्मा ने उनके बेटे चंद्रशेखर पर दरांती से हमला कर दिया। 21 जून को इलाज के दौरान मौत हुई गंभीर रूप से घायल चंद्रशेखर की 21 जून को हल्द्वानी में इलाज के दौरान मौत हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी चंद्रशेखर आर. घोड़के ने तीन पुलिस टीमें गठित कीं। पुलिस ने दिल्ली, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में आरोपियों की तलाश की। 25 जून को पुलिस ने कटरा से गिरफ्तार किए 23 जून को हत्या में इस्तेमाल HR-21T-0835 नंबर की फ्रॉन्क्स कार हरियाणा के हिसार से बरामद की गई। 25 जून को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी जम्मू-कश्मीर के कटरा में छिपे हुए हैं। इसके बाद कटरा पुलिस के सहयोग से 26 जून को दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रांजिट रिमांड पर 27 जून को उन्हें अल्मोड़ा लाया गया। साले को कहा था- अपने पापा को समझा ले पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चंद्रशेखर पांडेय अक्सर शराब के नशे में अपनी पत्नी खष्टी देवी के साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था। इससे परेशान होकर खष्टी देवी फोन पर अपनी बेटी और दामाद को इसकी जानकारी देती थी। धर्मवीर ने चंद्रशेखर के बेटे (अपने साले) को फोन पर धमकी भी दी थी। उसने कहा था, “अपने पापा को समझा ले कि वे मेरी सास के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग न करें, नहीं तो किसी दिन मैं उन्हें मार दूंगा।” एक महीने से हत्या की प्लानिंग कर रहे थे पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पिछले एक महीने से चंद्रशेखर की हत्या की योजना बना रहे थे। अल्मोड़ा आने और गाड़ी का इंतजाम करने के लिए धर्मवीर ने अपनी सोने की अंगूठी बेच दी, जबकि जानकी ने अपना मंगलसूत्र और कान के झुमके बेचकर पैसे जुटाए। SSP बोले- धर्मवीर पर हरियाणा में कई केस अल्मोड़ा SSP चंद्रशेखर आर. घोड़के ने बताया कि आरोपी धर्मवीर शर्मा के खिलाफ हरियाणा में पहले से लूट, मारपीट और रेप के प्रयास समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। वहीं, जांच में चंद्रशेखर की हत्या के मामले में उसकी पत्नी खष्टी देवी की कोई भूमिका सामने नहीं आई, इसलिए उन्हें मामले से अलग कर दिया गया।
Source link
सास की पिटाई करने पर ससुर की हत्या:हरियाणा के युवक ने एक महीने प्लानिंग बनाई, उत्तराखंड जाकर दरांती से वार किए; जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार







