संगरूर में एक पारिवारिक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है, जिसमें घर में जबरन घुसने, गाली-गलौज करने और धमकियां देने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह मामला एक बुजुर्ग व्यक्ति की शिकायत पर दर्ज किया गया है, जिसने अपने बेटे और उसके साथ रह रही महिला पर ये आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता केसर सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा हरजीत सिंह पहले से गगनदीप कौर उर्फ बबली निवासी बालियां से विवाहित है। उनकी एक सात वर्षीय बेटी गुररहमत कौर भी है। परिवार करीब एक साल पहले लोहा खेड़ा से संगरूर आकर किराए के मकान में रह रहा था। आरोपी पिता की संपत्ति से बेदखल केसर सिंह के अनुसार, उनका बेटा हरजीत सिंह परिवार की सहमति के बिना परनीत कौर नामक महिला के साथ रहने लगा। परिवार ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि हरजीत सिंह और परनीत कौर ने परिवार को धमकियां देनी शुरू कर दीं। इन परिस्थितियों के चलते केसर सिंह ने अपने बेटे को जमीन-जायदाद से बेदखल भी कर दिया था। केसर सिंह ने आरोप लगाया कि परनीत कौर ने उनकी पत्नी के घर में अकेले होने का फायदा उठाया और जबरन घर में घुसकर अपना सामान रख दिया। जब केसर सिंह शाम करीब 7 से 8 बजे घर पहुंचे, तो उन्हें इस घटना की जानकारी मिली। विरोध करने पर परनीत कौर ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और बाहर से लोगों को बुलाकर नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह डर के कारण मौके से चले गए। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि उन्हें और उनकी बहू गगनदीप कौर को आरोपियों से जान-माल का खतरा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच अधिकारी कांस्टेबल कमेश शर्मा ने बताया कि कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।
Source link
संगरूर में पारिवारिक विवाद में दो लोग गिरफ्तार:पिता बोले- बेटा दूसरी महिला के साथ रह रहा, बहू को जान-माल का खतरा
