![]()
नूंह जिले के तावड़ू खंड की ग्राम पंचायत बिस्सर अकबरपुर को वन विभाग की भूमि पर सड़क बनाने पर 1 लाख 37 हजार 281 रुपए पंचायत फंड में जमा कराने के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए यह निर्देश जारी किए हैं। यह मामला सीएम विंडो पर दर्ज शिकायत से जुड़ा है। गांव बिस्सर अकबरपुर निवासी भागमल ने शिकायत में आरोप लगाया था कि ग्राम पंचायत ने वन विभाग की भूमि पर सड़क का निर्माण कराया था, जिसे बाद में तोड़ दिया गया। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की। 1 लाख 37 हजार की रिकवरी निर्धारित की गई जांच प्रक्रिया के तहत 17 मार्च 2026 को संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई थी। इसके बाद उपमंडल अधिकारी (पंचायत राज), तावड़ू ने मौके की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी। जांच रिपोर्ट के आधार पर 26 जून 2026 को सड़क निर्माण से जुड़े मामले में 1 लाख 37 हजार 281 रुपए की रिकवरी निर्धारित की गई। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) तावड़ू ने ग्राम पंचायत बिस्सर अकबरपुर के सरपंच को पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं कि निर्धारित राशि दो दिन के भीतर पंचायत फंड में जमा कराई जाए। साथ ही, जमा राशि की रसीद कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि सीएम विंडो पोर्टल पर अनुपालन रिपोर्ट अपलोड की जा सके। प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रतिलिपि उपायुक्त नूंह, नगराधीश, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद तथा एसडीएम तावड़ू को भी भेजी गई है। सरपंच बोले- वन विभाग की जमीन पर अनजाने में बनी सड़क ग्राम पंचायत बिस्सर अकबरपुर के सरपंच राजबीर शर्मा ने बताया कि संबंधित रास्ते का कुछ हिस्सा आबादी क्षेत्र से सटा हुआ है। उन्होंने स्वीकार किया कि अनजाने में सड़क का एक हिस्सा वन विभाग की भूमि पर बन गया था, जिसे बाद में विभाग द्वारा पैमाइश कराए जाने के बाद हटा दिया गया। सरपंच ने कहा कि प्रशासन की ओर से पंचायत को रिकवरी राशि जमा कराने के आदेश मिले हैं, जिनका पालन किया जाएगा।
Source link
वन भूमि पर किया सड़क निर्माण, 1.37 लाख की रिकवरी:नूंह प्रशासन ने दिए रिकवरी के आदेश, पंचायत फंड में जमा कराने होंगे रुपए







