Related Posts

लुधियाना में कुत्ते को दफनाने गए लोगों पर हमला:लाठी-डंडों और कस्सी से पीटा; गालियां निकाली; बहसबाजी से मचा बवाल




लुधियाना में कुत्ते को दफनाने गए लोगों पर मोहल्ला निवासियों ने हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान उन्हें लाठी-डंडों और कस्सी से बुरी तरह पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया गया। इतना ही नहीं उन्हें गालियां भी निकाली गई। घटना गांव कासाबाद की है। थाना सलेम टाबरी पुलिस को दी गई शिकायत में गांव कासाबाद के रहने वाले गुरमीत सिंह ने बताया कि 12 जून को उनके इलाके की मुख्य सड़क पर एक हादसा हुआ। इस दौरान एक बेसहारा कुत्ता तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सड़क पर बेजुबान जानवर का शव देखकर गुरमीत सिंह का दिल पसीज गया और उन्होंने उसे सड़कों पर यूं ही पड़े रहने से बचाने के लिए दफनाने का फैसला किया। कुत्ते को दफनाते वक्त हुआ हमला गुरमीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह बाघा राम और जसपाल सिंह के साथ मिलकर कुत्ते के शव को अपने चाचा अमर सिंह के घर के बाहर स्थित खाली प्लॉट में दफनाने के लिए गए थे। वे लोग अभी गड्ढा खोदकर दफनाने की तैयारी कर ही रहे थे कि तभी वहां कुछ लोग आ पहुंचे और बेवजह बहसबाजी शुरू कर दी। आरोपियों ने गालियां निकालनी शुरू कर दीं देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने गालियां निकालनी शुरू कर दीं। इसके बाद उन्होंने हाथों में डांग (लाठियां) और कस्सी लेकर गुरमीत सिंह और उसके साथियों पर हमला कर दिया। हमला अचानक और तेज था, जिससे उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट की। बीच-बचाव करने आए भतीजे को भी नहीं बख्शा हमले के बाद जब गुरमीत सिंह किसी तरह वहां से निकलकर बचाव में आया और उसने पूरी घटना की जानकारी अपने भतीजे सुखजीत सिंह को दी, तो हमलावरों की गुंडागर्दी यहीं नहीं रुकी। गुस्से में आगबबूला आरोपियों ने सुखजीत सिंह को भी घेर लिया और उसकी भी जमकर पिटाई कर दी। यह लोग कुत्ते को वहां दफनाने का विरोध कर रहे थे। पुलिस ने दर्ज की FIR सलेम टाबरी पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए 14 जून को मामला दर्ज कर लिया है। इनमें मुख्य आरोपी बाघा राम, उसकी पत्नी सुरजीत कौर, विशाल कुमार, साहिल कुमार, बिक्रमजीत सिंह, दूला राम, गुरदेव राम, बिक्रम सिंह, बलबीर सिंह, मेजर सिंह और गुरदयाल राम (सभी वासी गांव कासाबाद) शामिल हैं। इन पर BNS की धारा 115-(2), 118(1), 12(2), 351(3), 191(3) और 190 के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच हेड कांस्टेबल जावेद अली कर रहे हैं और आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें