बस्ती शेख स्थित न्यू दशमेश नगर में हुए डबल मर्डर केस ने नया मोड़ ले लिया है। इस मामले में विदेश में बैठे गैंगस्टर जोगा फोल्ड़ीवाल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी में पोस्ट डालकर दावा किया कि सौरभ की हत्या उसके इशारे पर की गई है। यह उनके साथी सुखमन बराड़ पर जेल में हुए हमले का बदला है।
इस वायरल पोस्ट में लिखा कि कुछ दिन पहले उनके साथी सुखमन बराड़ पर जेल के अंदर हमला किया गया था और अब उसी का जवाब दिया गया है। यह भी दावा किया कि मृतक पप्पू (सिमरनजीत) उनका साथी था। पोस्ट में उसने विरोधी गुट के अन्य लोगों को भी खुली धमकी देते हुए लिखा कि ‘अब उनकी बारी है और वेट एंड वाच’। हालांकि आरटीआई एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह की हत्या से करीब छह माह पहले उन्हें गोली मारने का प्रयास किया गया था।
उस मामले में भी जोगा फोल्ड़ीवाल का नाम आया था। न्यू दशमेश नगर में गोलीबारी में सिमरनजीत सिंह और सौरभ गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सिमरनजीत की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई थी, जबकि सौरभ ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद मामला डबल मर्डर में बदल गया। पहले से योजना बनाकर आए थे
पुलिस का मानना है कि शुक्रवार देर रात हुई फायरिंग कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि हमलावर पहले से योजना बनाकर मौके पर पहुंचे थे। पुलिस को आशंका है कि आरोपितों ने सिमरनजीत की गतिविधियों पर नजर रखी हुई थी और अस्पताल जाते समय उसे निशाना बनाने की साजिश रची। रास्ते में सौरभ के साथ होने के कारण वह भी हमले की चपेट में आ गया। मामले में पुलिस कई संदिग्धों की पहचान कर चुकी है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए जालंधर व आसपास के जिलों में भी छापेमारी की जा रही है। उधर, युवकों की मौत के बाद स्वजन में रोष है। उनका आरोप है कि पहले हुए विवाद और मारपीट की शिकायत पर समय पर कार्रवाई होती तो यह वारदात टाली जा सकती थी। आरोपी के पिता को कुछ समय पहले गोली मारी गई थी
न्यू दशमेश नगर में हुए डबल मर्डर मामले की जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद कई महीनों से चल रहा था और हाल ही में इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने इस दुश्मनी को और गहरा कर दिया।हमले में शामिल बताए जा रहे एक आरोपी के पिता को कुछ समय पहले गोली मारी गई थी। उस मामले में सिमरनजीत सिंह का नाम भी सामने आया था। हालांकि उस मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया अलग स्तर पर चल रही थी, लेकिन आरोप हैं कि आरोपी पक्ष इस घटना को लेकर लगातार रंजिश रखे हुए था। इसी कारण दोनों पक्षों के बीच कई बार तनाव और विवाद की स्थिति बनी। 11 जून को एक दुकान पर हुई मारपीट की घटना को भी इसी दुश्मनी से जोड़कर देखा जा रहा है। मारपीट के दौरान हुई कहासुनी और उसके बाद इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होने से दोनों पक्षों के बीच टकराव और बढ़ गया। पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि वायरल वीडियो के बाद एक-दूसरे को लेकर लगातार उकसावे और धमकियों का दौर चलता रहा।
पूर्व सांसद रिंकू बोले- मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा मिले
जालंधर वेस्ट के दशमेश नगर में हुई दुखद घटना में दो युवकों की मौत पर पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू ने कहा कि यह घटना पंजाब में लगातार बिगड़ रही कानून व्यवस्था की स्थिति को दर्शाती है, जो चिंता का विषय है। सुशील रिंकू ने मृतकों के परिवारों से मुलाकात कर सांत्वना दी तथा इस कठिन समय में परिवारों के साथ खड़े रहने का भरोसा दिया। पूर्व सांसद ने पंजाब सरकार से कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि दोषियों को सख्त सजा मिल सके।
Source link
