Related Posts

लुधियाना पहुंचा वाटर कैनन बॉय नवदीप:8 महीने पुराने केस में मिली जमानत; ब्राह्मण समाज के खिलाफ की थी टिप्पणी; किसान आंदोलन से फेमस हुए




किसान आंदोलन के दौरान वाटर कैनन बॉय के नाम से चर्चित नवदीप सिंह जलबेड़ा आठ महीने पुराने मामले में पुलिस जांच में शामिल हो गए हैं। पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में प्रदर्शन के दौरान ब्राह्मण समाज के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में उनके खिलाफ लुधियाना में एफआईआर दर्ज की गई थी। नवदीप सिंह जलबेड़ा एक दिन पहले अपने वकील के साथ थाना डिवीजन नंबर-2 के अंतर्गत पुलिस चौकी जनकपुरी पहुंचे। उन्होंने पुलिस को अपनी जमानत की जानकारी दी और जांच प्रक्रिया में शामिल हुए। पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है। ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पंकज शारदा ने राजीव शर्मा, पाली सहजपाल, पंडित राजन शर्मा और समुदाय के अन्य प्रतिनिधियों के साथ मिलकर पुलिस को शिकायत दी थी। आरोप लगाया गया था कि जलबेड़ा ने मंच से ब्राह्मण समाज के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। गिरफ्तारी के लिए हरियाणा में की गई थी छापेमारी पुलिस चौकी जनकपुरी के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर धर्मपाल ने बताया कि नवदीप सिंह जलबेड़ा को 16 जुलाई को जिला अदालत से जमानत मिल चुकी है। अब वह पुलिस जांच में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले आठ महीनों के दौरान पुलिस टीम ने हरियाणा में कई जगहों पर छापेमारी की थी, लेकिन नवदीप पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए थे। इस बयान पर हुआ था विवाद पंजाब विश्वविद्यालय में प्रदर्शन के दौरान नवदीप ने कहा था कि पूरे पंजाब के ऊपर दिल्ली का गंदा राज नहीं चलेगा। पाखंडी ब्राह्मण का राज नहीं चलेगा। पंजाब पर सिर्फ बाबा नानक का राज चलेगा। शिकायतकर्ताओं ने पाखंडी ब्राह्मण शब्दों पर आपत्ति जताते हुए इसे पूरे ब्राह्मण समाज का अपमान बताया था। ऐसे बने थे ‘वाटर कैनन बॉय’ हरियाणा के अंबाला के जलबेड़ा गांव निवासी नवदीप सिंह भारतीय किसान यूनियन (शहीद भगत सिंह) से जुड़े हैं। किसान आंदोलन के दौरान शंभू बॉर्डर पर पुलिस द्वारा किसानों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान नवदीप बैरिकेड्स पार कर पुलिस के वज्र वाहन पर चढ़ गए थे। उन्होंने वाटर कैनन की दिशा किसानों से हटाकर पुलिस की ओर मोड़ दी थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद नवदीप सिंह “वाटर कैनन बॉय” के नाम से देशभर में चर्चित हो गए।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें