लुधियाना नगर निगम के नए कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने पदभार संभालते ही एक्शन मोड में काम शुरू कर दिया है। चार्ज लेने के ठीक एक दिन बाद, कमिश्नर सुबह 7 बजे ही अफसरों के साथ सड़कों पर उतर आए। उन्होंने ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत शहर की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। कमिश्नर ओजस्वी अलंकार सबसे पहले समराला चौक और उसके आसपास के रिहायशी इलाकों में पहुंचे। इस दौरान उनके साथ जोनल कमिश्नर नीरज जैन और निगम के अन्य सीनियर अधिकारी भी मौजूद रहे। फील्ड में कमिश्नर के अचानक पहुंचने से लापरवाह कर्मचारियों और अफसरों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर अफसरों को सख्त हिदायतें दी। उन्होंने साफ कर दिया कि सफाई व्यवस्था को लेकर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस एरिया में गंदगी मिलेगी उस एरिया के अफसरों की जिम्मेदारी फिक्स करके उनसे जवाब तलबी की जाएगी। अफसर फील्ड में उतरें, ऑफिस में न बैठें कमिश्नर ने सख्त लहजे में अधिकारियों को चेतावनी दी कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अफसरों को दो टूक कहा कि अब केवल दफ्तरों में बैठकर काम नहीं चलेगा। सभी अधिकारियों को खुद फील्ड में उतरना होगा और सफाई व्यवस्था की निगरानी करनी होगी। सड़कों से मिट्टी उठवाएं, रोड जालियां रखें साफ निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने देखा कि कई मुख्य सड़कों के किनारे मिट्टी जमा है, जिससे धूल उड़ती है और ट्रैफिक में भी दिक्कत होती है। उन्होंने तुरंत आदेश दिए कि मैकेनिकल स्वीपिंग और मैनुअल तरीके से सड़कों के किनारे से मिट्टी उठवाई जाए। इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि सड़कों के किनारे लगी रोड जालियों की नियमित सफाई की जाए, ताकि कचरा फंसने के कारण पानी का बहाव न रुके। वाटर लॉगिंग एरिया पर फोकस के निर्देश आने वाले दिनों में मानसून और बरसाती सीजन को देखते हुए कमिश्नर ने जलभराव (वाटर लॉगिंग) की समस्या से निपटने के लिए अभी से कमर कसने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के जितने भी लो-लाइन (निचले) इलाके हैं, वहां पर जलभराव रोकने के लिए एडवांस इंतजाम किए जाएं। शहर के वाटर लॉगिंग एरिया पर विशेष फोकस किया जाए। ड्रेनेज सिस्टम और नालों की सफाई का काम समय रहते पूरा होना चाहिए, ताकि जैसे ही बरसात हो, पानी की तुरंत निकासी सुनिश्चित की जा सके और आम जनता को जलभराव की समस्या से न जूझना पड़े।
Source link
