इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया, जिसमें शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को लेकर बैठे छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े गए। नूंह दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत में चौटाला ने कहा कि हजारों छात्र शांतिपूर्ण तरीके से सरकार के सामने अपनी बात रख रहे थे। उनकी मांगों को सुनने के बजाय उन पर बल प्रयोग किया गया, जिससे कई छात्र घायल हुए। छात्र कथित पेपर लीक के कारण आत्महत्या करने वाले युवाओं को न्याय दिलाने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
चौटाला ने जोर देकर कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य का है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से मतभेद भुलाकर छात्रों के समर्थन में खड़े होने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट के अलावा हरियाणा में भी कई भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो युवाओं का व्यवस्था और सरकार पर से विश्वास उठ जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री से इस पूरे मामले में हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। नूंह में मनाई जाएगी चौधरी देवीलाल की जयंती इसी बीच, अभय सिंह चौटाला ने घोषणा की कि इनेलो का स्थापना दिवस और पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की जयंती इस वर्ष 27 सितंबर को नूंह में भव्य स्तर पर मनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि पहले यह कार्यक्रम 25 सितंबर को प्रस्तावित था, लेकिन जुम्मे की नमाज को देखते हुए मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए तिथि बदलकर 27 सितंबर कर दी गई है। चौटाला ने यह भी बताया कि पुन्हाना अनाज मंडी का निरीक्षण करने पर स्थान छोटा प्रतीत हुआ है। इसलिए कार्यकर्ताओं को 20 से 30 एकड़ खुली जमीन तलाशने के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि विशाल रैली का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा सके।
Source link
लाठीचार्ज को लेकर अभय चौटाला ने सरकार को घेरा:नूंह में बोले-युवाओं की आवाज दबाई जा रही, सभी दल छात्रों के साथ खड़े हों
