रोहतक के सलारा मोहल्ला में प्रजापति धर्मशाला के पीछे करीब 75 गज जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद छिड़ गया है। एक पक्ष जमीन को पंचायती बता रहा है, जबकि दूसरा पक्ष जमीन को अपना बता रहा है। इस मामले में जमीन पर कब्जा धारक ने दूसरे पक्ष के खिलाफ दीवार गिराने व महिलाओं से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करवाया है। प्रजापति धर्मशाला में हुई पंचायत के दौरान सतीश प्रजापति ने कहा कि बलवान सिंह व महासिंह सिंह ने पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है। यह जमीन पंचायत की है और धर्मशाला में शामिल होनी चाहिए। पंचायत ने यह जमीन काफी समय पहले मटके बनाने वालों को आवा बनाने के लिए दी थी। सतीश प्रजापति ने कहा कि उस समय बुजुर्गों ने शर्त रखी थी कि जिस दिन वह मटके पकाने वाला काम बंद कर देंगे तो वह जमीन बिना शर्त पंचायत को वापस देंगे। लेकिन अब यह जमीन खाली नहीं कर रहे। 5 जून को पंचायत में बलवान सिंह को जमीन खाली करने के लिए कहा था। तब मामला बढ़ गया था। उस समय पुलिस को भी बुलाना पड़ा था। महिलाओं ने खुद कपड़े फाड़कर झूठा आरोप लगाया सतीश प्रजापति ने कहा कि पंचायत के बाद बलवान की पत्नी व उसकी पुत्रवधु ने खुद अपने कपड़े फाड़कर छेड़छाड़ के झूठे आरोप लगाए। साथ ही गाय व घोड़ी के साथ मारपीट करने के आरोप लगाते हुए पुलिस को झूठी शिकायत देकर केस दर्ज करवाया है। यह जमीन पंचायत की है और पंचायत को मिलनी चाहिए। पंचायती जमीन के कागज नहीं, खरीदने के कागज मौजूद दूसरे पक्ष से बलवान सिंह के बेटे सूरज ने बताया कि यह जमीन पंचायत की नहीं है, क्योंकि उनके पास कोई कागज नहीं है। यह जमीन उन्होंने खरीदी थी, जिसके सारे सबूत उनके पास हैं। सतीश प्रजापति जबरन जमीन को हथियाने का प्रयास कर रहा है। यह जमीन पंचायत की है तो सबूत दिखाए, वह जमीन को छोड़ देंगे। दीवार गिराने का किसने दिया अधिकार सूरज ने बताया कि सतीश प्रजापति व कुछ अन्य लोगों ने पीछे से नाजायज कब्जा करने के लिए उनके घर की दीवार को गिरा दिया। साथ ही उसकी पत्नी व बुजुर्ग महिला के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की। वहीं, कमरे में बंधी गाय व घोड़ी के साथ मारपीट की, जो सहन नहीं की जा सकती। इन लोगों के खिलाफ केस किया दर्ज सूरज ने बताया कि घर में घुसकर दीवार गिराने व महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने के खिलाफ पुलिस में सतीश प्रजापति, कैलाश, मंगल, प्रमोद, राजकुमार, सुल्तान, बिजेंद्र के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। उन्हें प्रशासन से न्याय की उम्मीद है। पुलिस मामले में कर रही जांच ओल्ड सब्जी मंडी थाना के जांच अधिकारी एसआई नवनीत ने बताया कि उन्हें घर की दीवार गिराने व महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने बारे शिकायत मिली थी। पुलिस ने मामले में बलवान की शिकायत पर कुछ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
Source link
