पानीपत जिला के इसराना स्थित शेडोफैक्स टेक लिमिटेड के कूरियर हब में सेंधमारी कर अज्ञात चोरों ने 1,15,878 रुपए की नकदी और CCTV कैमरे की DVR पार कर दी। सुबह जब हब इंचार्ज कार्यालय पहुंचे, तो चोरी की घटना का खुलासा हुआ। चोरी की इस वारदात से कूरियर कंपनी में हड़कंप मच गया है। हब इंचार्ज की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच और सीसीटीवी खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सुबह दफ्तर खोलने पर बंद मिले कैमरे, गायब थी DVR मूल रूप से हिसार जिले के गांव छान निवासी विजय चाहार ने इसराना थाना पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह शेडोफैक्स टेक लिमिटेड में इसराना हब इंचार्ज के पद पर कार्यरत हैं।शिकायतकर्ता के अनुसार, 22 जुलाई की सुबह करीब 5:30 बजे जब वे रोजाना की तरह ऑफिस पहुंचे और दफ्तर का मुख्य दरवाजा/शटर खोला, तो उन्होंने पाया कि अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे थे। जब उन्होंने सिस्टम की जांच की, तो देखा कि चोर कैमरे की पूरी DVR ही उखाड़कर ले गए थे, ताकि उनकी कोई तस्वीर या फुटेज रिकॉर्ड न हो सके। दो अलग-अलग गल्लों से पार की ₹1.15 लाख से अधिक की नकदी कैमरे बंद और DVR गायब देखकर जब हब इंचार्ज को अनहोनी का अंदेशा हुआ, तो उन्होंने तुरंत ऑफिस में रखे नकदी वाले गल्लों (कैश ड्रॉवर) की जांच की। जांच करने पर पता चला कि फ्लिपकार्ट कलेक्शन वाले गल्ले से ₹26,661 की नकदी गायब थी। ई-कॉमर्स कलेक्शन वाले गल्ले से ₹89,217 की नकदी चोरी हो चुकी थी। अज्ञात शातिर चोरों ने शेडोफैक्स कूरियर हब से कुल 1,15,878 रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने बड़ी चालाकी से सिर्फ नकदी ही नहीं उड़ाई, बल्कि साक्ष्य मिटाने की नियत से DVR भी अपने साथ ले गए। पुलिस ने दर्ज की शिकायत, अंदरूनी हाथ होने की भी आशंका घटना के तुरंत बाद हब इंचार्ज विजय चाहार ने डायल 112 और थाना इसराना पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान दर्ज कर अज्ञात चोरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जिस तरह से दफ्तर के गल्लों में रखे अलग-अलग कैश को निशाना बनाया गया और DVR को गायब किया गया, उससे पुलिस को आशंका है कि इस वारदात में किसी जानकार या दफ्तर की गतिविधियों से वाकिफ व्यक्ति का हाथ हो सकता है।
Source link
पानीपत में कूरियर डिलीवरी हब से ₹1.15 लाख की चोरी:कैश के साथ DVR भी ले गए चोर, ताला खोलकर की वारदात
