फतेहाबाद जिले के गांव खाराखेड़ी के पास नेशनल हाईवे पर कार डिवाइडर क्रॉस कर दूसरी तरफ से आ रहे ट्राले में जा टकराई। इससे कार सवार सिरसा निवासी ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी धर्म बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। बुरी तरह से कार पिचक गई, जिससे ड्राइवर को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिल सका। सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस का मानना है कि कार ड्राइवर को नींद की झपकी आने से यह हादसा हुआ है। गंभीर रूप से घायल धर्म बहन को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सिरसा के शिव चौक का निवासी था मृतक बड़ोपल चौकी प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि दोपहर बाद सिरसा के शिव चौक निवासी सत्यनारायण पुत्र बनवारी लाल अपनी धर्म बहन सिरसा जिले के गांव खारिया निवासी इंदू जाखड़ के साथ कार में सवार होकर हिसार गए थे। दोपहर बाद हिसार से सिरसा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान रजबाहे के पास उसकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर क्रॉस करके दूसरी तरफ सिरसा से हिसार की तरफ जा रहे ट्राले में भिड़ गई। इससे सत्यनारायण की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी धर्म बहन इंदू गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचकर इंदू को बाहर निकाला और अग्रोहा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। साथ ही मामले की सूचना पुलिस को दी। चौकी प्रभारी ने बताया कि आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान हुई। उनके परिजनों से संपर्क किया गया है।
Source link
