![]()
पंजाब के तरनतारन से मनाली (हिमाचल प्रदेश) घूमने जा रहे पर्यटकों पर रोपड़ में नेशनल हाईवे पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेखौफ युवकों ने बीच सड़क पर पर्यटकों की गाड़ी रोककर न सिर्फ तोड़फोड़ की, बल्कि कार सवारों को बाहर खींचकर बेरहमी से पीटा। हालांकि, यह पूरी वारदात पर्यटकों की गाड़ी में लगे डैशकैम में कैद हो गई, जिसके सोशल मीडिया पर वायरल होते ही रोपड़ सिटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामूली टक्कर के बाद भड़का विवाद थाना सिटी रोपड़ के एसएचओ इंस्पेक्टर पवन कुमार ने बताया कि यह वारदात रोपड़ पुलिस लाइन कट (भरोल) के पास नेशनल हाईवे पर हुई। सफर के दौरान पर्यटकों की गाड़ी धीमी हुई थी, जिसके कारण पीछे से आ रही एक अन्य कार की उससे मामूली टक्कर हो गई। इस मामूली बात पर दूसरी कार में सवार युवक इस कदर भड़क गए कि उन्होंने कानून को ताक पर रख दिया। हमलावर युवकों ने पर्यटकों की गाड़ी को ओवरटेक करके जबरन रुकवाया। इसके बाद उन्होंने पत्थरों और डंडों से गाड़ी पर हमला कर उसके शीशे तोड़ दिए और कार सवारों के साथ मारपीट की। डैशकैम फुटेज ने खोला राज, आरोपी धरे गए वारदात के समय पर्यटकों की गाड़ी में लगा डैशकैम ऑन था, जिसमें हमलावरों की यह गुंडागर्दी और उनकी गाड़ी का नंबर साफ तौर पर रिकॉर्ड हो गया। जैसे ही इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। पुलिस टीम ने फुटेज के आधार पर जांच तेज की और चंडीगढ़ के रहने वाले दोनों मुख्य आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई उनकी गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। “माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा”: पुलिस थाना सिटी रोपड़ के एसएचओ के इंस्पेक्टर पवन कुमार का कहना है कि छुट्टियों के मौसम में पर्यटकों की सुरक्षा हमारी सबसे पहली प्राथमिकता है। सफर के दौरान अगर कोई दुर्घटना होती है, तो पुलिस को सूचित करें, कोई भी कानून अपने हाथ में न ले। माहौल खराब करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
रोपड़ में मनाली जा रहे पर्यटकों से मारपीट:हाईवे पर जानलेवा हमला, चंडीगढ़ के युवकों ने की तोड़फोड़, दो गिरफ्तार, स्विफ्ट कार जब्त







