![]()
रेवाड़ी में त्योहारी सीजन से पहले मंगलवार को मुख्यमंत्री उड़न दस्ता (सीएम फ्लाइंग) ने खाद्य आपूर्ति और प्रदूषण विभाग की संयुक्त टीम के साथ मिठाई के गोदामों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए, जबकि घरेलू गैस सिलेंडरों के उपयोग और आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए गए। इस कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में डर का माहौल रहा। टीमों ने सबसे पहले नई आबादी स्थित नंद स्वीट्स के गोदाम पर छापा मारा। जांच के दौरान वहां 27 किलो खोया और 30 किलो तैयार घेवर मिला। अधिकारियों ने दोनों खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए। टीम को मौके पर 8 घरेलू गैस सिलेंडर भी मिले। गोदाम संचालक सिलेंडरों से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद सिलेंडरों को सील कर नोटिस जारी किया गया। शांति नगर में बिना एनओसी चल रही थीं भट्टियां इसके बाद टीम ने वार्ड-4 के शांति नगर स्थित हरिसिंह स्वीट्स के गोदाम में छापेमारी की। यहां जांच के दौरान 50 किलो घेवर, 120 किलो खोया और 120 किलो दूध मिला। टीम ने इन सभी खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए। जांच में यह भी सामने आया कि गोदाम में संचालित भट्टियों के लिए प्रदूषण विभाग से आवश्यक एनओसी या अनुमति नहीं ली गई थी। इस संबंध में भी संचालक को नियमानुसार नोटिस जारी किया गया। खाद्य गुणवत्ता से समझौता नहीं छापेमारी में सीएम फ्लाइंग से डॉ. सुरेंद्र कुमार, खाद्य आपूर्ति विभाग से संदीप कुमार व मुकेश कुमार तथा प्रदूषण विभाग से एईई सुधीर बल्हारा शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
रेवाड़ी में CM फ्लाइंग की मिठाई के गोदामों पर रेड:सैंपल लिए; घरेलू गैस सिलेंडर मिलने पर नोटिस, बिना NOC चल रही थीं भट्ठी







