कैथल जिले के राजौंद में बिजली कर्मचारियों ने 7 अप्रैल को लगातार चौथे दिन गेट मीटिंग का आयोजन किया। इस मीटिंग की अध्यक्षता सब यूनिट प्रधान अश्वनी ढांडा ने की, जबकि संचालन जॉइंट सेक्रेटरी रमन ने किया। कर्मचारियों ने निगम और सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया। कर्मचारियों ने बताया कि मनोज कुमार (लाइनमैन), मुकेश कुमार (लाइनमैन), प्रवीण कुमार (लाइनमैन), जगदीश (जेई), सतीश (जेई), रोहतास शर्मा (एएलएम) और प्रवेश (लाइनमैन) सहित कई कर्मियों की चार्ज सीटों का जवाब दो साल पहले दिया जा चुका है। इसके बावजूद, एसई कैथल और एसई हरियाणा पंचकूला द्वारा इन चार्ज सीटों का समाधान नहीं किया जा रहा है। इस कारण ये कर्मचारी पदोन्नति और अन्य लाभों से वंचित हैं, जबकि अधिकारियों की चार्ज सीटों का समाधान कर उन्हें पदोन्नति दी जा चुकी है। कर्मचारियों ने एसडीओ पर लगाए आरोप कर्मचारियों ने राजौंद के उपमंडल अधिकारी (एसडीओ) पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि एसडीओ समय पर कार्यालय नहीं आते और देर से जाते हैं, जिससे उपभोक्ता परेशान रहते हैं। देर रात तक चलने वाली बैठकों और सार्वजनिक शिकायतों के कारण कर्मचारी मानसिक तनाव में हैं और दुर्घटना का शिकार होने का खतरा बना रहता है। सब-डिवीजन राजौंद में कर्मचारियों की भारी कमी है, फिर भी कुछ कर्मचारियों को कैथल डिवीजन में तैनात किया गया है। वन विभाग से नहीं ली ट्री कटिंग की मंजूरी एक अन्य मुद्दे पर, कर्मचारियों ने बताया कि एसडीओ राजौंद के आदेश पर ट्री कटिंग मेंटेनेंस का शेड्यूल दिया गया है, लेकिन वन विभाग से इसकी मंजूरी नहीं ली गई है। वन विभाग के अधिकारी मंजूरी मांग रहे हैं, जिसके अभाव में रखरखाव का काम नहीं हो पा रहा है। ट्री कटिंग न होने से रबी सीजन में आग लगने का खतरा बढ़ गया है, जिसके लिए एसडीओ को जिम्मेदार ठहराया गया है। कर्मचारियों और जनता के लिए किसी भी समय दुर्घटना का जोखिम बना हुआ है। आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी सब यूनिट प्रधान अश्वनी ढांडा ने अपने संबोधन में कहा कि जब तक कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Source link
राजौंद में बिजली कर्मियों ने की गेट मीटिंग:समाधान न होने पर निगम-सरकार के खिलाफ प्रदर्शन; आंदोलन तेज करने की चेतावनी
