![]()
फतेहाबाद जिले के रतिया स्थित कैनरा बैंक शाखा में शनिवार को खाता खुलवाने को लेकर विवाद हो गया। एक महिला और उसके साथ आए युवक ने बैंक प्रबंधक पर उन्हें फ्रॉड कहकर अपमानित करने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर बैंक परिसर में काफी देर तक हंगामा चलता रहा। जानकारी के अनुसार, गांव मुंशीवाला निवासी वाला देवी अपने परिचित युवक गुरदीप सिंह निवासी गांव शेरगढ़ ढाणी के साथ बैंक में नया खाता खुलवाने आई थीं। आरोप है कि बैंक प्रबंधक ने खाता खोलने के लिए एक गवाह लाने को कहा। इसके बाद वे एक ऐसे परिचित को साथ लाए, जिसका खाता इसी शाखा में है। हालांकि, महिला और युवक का दावा है कि इसके बावजूद बैंक प्रबंधक ने उनका खाता खोलने से इनकार कर दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रबंधक ने उन्हें फ्रॉड कहकर बैंक से बाहर जाने को कहा। बैंक प्रबंधक और शिकायतकर्ता के बीच बहस घटना की सूचना मिलने पर पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के राज्य प्रधान मनदीप नथवान मौके पर पहुंचे। इसके बाद बैंक प्रबंधन और शिकायतकर्ताओं के बीच तीखी बहस हुई। वहां मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। मीडियाकर्मियों ने जब इस संबंध में बैंक प्रबंधक का पक्ष जानने का प्रयास किया, तो उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। यह भी उल्लेखनीय है कि इस बैंक शाखा पर पहले भी उपभोक्ताओं द्वारा विभिन्न प्रकार की शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं। हालांकि, वर्तमान विवाद को लेकर बैंक प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है।
Source link
रतिया में बैंक में खाता खुलवाने को लेकर विवाद:महिला-युवक और मैनेजर में बहस, फ्रॉड कहकर अपमानित करने का आरोप







