![]()
फाजिल्का के उपमंडल अबोहर के नजदीकी गांव कटैहड़ा निवासी एक युवक की नहर में डूबने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। परिजनों द्वारा मृतक के ही दोस्तों पर नहर में धकेल कर मार डालने के संगीन आरोप लगाए जाने के बाद, थाना सदर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। थाना सदर प्रभारी सचिन कंबोज ने बताया कि मृतक के भाई सुनील कुमार पुत्र बलवंत राम (निवासी कटैहड़ा) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई रोहतास 1 अगस्त को अपने ही गांव के राकेश कुमार पुत्र बृजपाल और प्रवीण पुत्र संदीप कुमार के साथ अपनी बुलेट मोटरसाइकिल की सर्विस करवाने अबोहर आया हुआ था। हालांकि, देर रात तक भी जब रोहतास घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। बुर्ज मुहार नहर के पास मिले कपड़े, कोयलखेड़ा में खेतों से मिला शव खोजबीन के दौरान परिजनों को बुर्ज मुहार के पास स्थित नहर के किनारे रोहतास की मोटरसाइकिल और कपड़े लावारिस हालत में पड़े मिले। इसके बाद 2 अगस्त की दोपहर को रोहतास का शव गांव कोयलखेड़ा के पास स्थित खेतों से बरामद हुआ। परिजनों ने आशंका जताई कि उसके दोस्तों ने ही किसी विवाद के चलते उसे नहर में धक्का दिया, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को दबोचा घटना के बाद परिजनों ने थाना प्रभारी से मुलाकात कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सदर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राकेश कुमार और प्रवीण कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया। रिमांड पर लेकर आरोपियों से होगी गहन पूछताछ थाना प्रभारी सचिन कंबोज ने बताया कि नामजद किए गए दोनों आरोपियों राकेश कुमार और प्रवीण कुमार को एक गुप्त सूचना के आधार पर हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर उनका पुलिस रिमांड हासिल करेगी, ताकि रोहतास के गायब होने से लेकर उसकी मौत तक के घटनाक्रम और इसमें आरोपियों की भूमिका को लेकर गहनता से पूछताछ की जा सके।
Source link







