यमुनानगर में रेलवे स्टेशन के नजदीक हमीदा की ओर रेलवे ट्रैक के पास शनिवार देर शाम एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया। मृतक की बाजू पर दो अलग-अलग नामों के साथ-साथ हर-हर महादेव लिखा हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी शिनाख्त के लिए शव को 72 घंटे तक सिविल अस्पताल यमुनानगर की मोर्चरी में रखवाया गया है। औंधे मुंह ट्रैक के पास पड़ा था शव जानकारी के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच है। उसने सफेद रंग की टी-शर्ट, काले रंग की लोअर और पैरों में चप्पल पहन रखी थी। शव रेलवे ट्रैक के किनारे औंधे मुंह पड़ा मिला। मृतक के चेहरे पर गंभीर चोटों के कई निशान मिले हैं। जांच अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि शनिवार देर शाम स्टेशन मास्टर से सूचना मिली थी कि रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर अपलाइन के बाहर युवक का शव पड़ा मिला। घटनास्थल की स्थिति को देखकर प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि युवक रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आया होगा। बाजू पर बने टैटू से शिनाख्त का प्रयास पुलिस ने मौके पर शव की तलाशी ली, लेकिन उसके पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। हालांकि उसकी बाजू पर बने टैटू पहचान का अहम सुराग बन सकते हैं। मृतक की एक बाजू पर हिंदी में तुलसी राम यादव, अंग्रेजी में राम रतन तथा हर-हर महादेव लिखा हुआ टैटू बना है। जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर की मोर्चरी में रखवा दिया है। आसपास के क्षेत्रों में मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों और युवक के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।
Source link
