यमुनानगर के रादौर के मेन बाजार में शनिवार रात ज्वेलर से हुई लाखों रुपये की लूट का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बेखौफ बदमाश भीड़भाड़ वाले बाजार में बुलेट बाइक पर सवार होकर पहुंचे और कुछ ही सेकेंड में पिस्टल के बल पर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। विरोध करने पर एक बदमाश ने ज्वेलर अमित कुमार के सिर पर पिस्टल की बट से जोरदार वार किया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। बदमाश उनके हाथ से कैश और चाबियों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। घायल ज्वेलर को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके माथे पर टांके लगाए गए। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। बुलेट बाइक के चारों इंडिकेटर जलाकर आए बदमाश सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि ज्वेलर अमित कुमार अपनी दुकान शाकुंभरी ज्वेलर्स के बाहर खड़े हैं, जबकि उनका एक कर्मचारी दुकान का शटर लॉक कर रहा है। उस समय बाजार में सामान्य रूप से ट्रैफिक चल रहा था। अमित के कंधे पर एक बैग लटका हुआ था, जबकि दूसरे हाथ में छोटा बैग था, जिसमें करीब चार लाख कैश और चाबियां रखी हुई थीं। इसी दौरान चारों इंडिकेटर जलाते हुए एक बुलेट बाइक दुकान के सामने आकर रुकती है। बाइक पर सवार दोनों युवकों ने अपने चेहरे और सिर को कपड़े से ढका हुआ था। काले कपड़े डाला पीछे बैठा बदमाश तुरंत नीचे उतरता है और हाथ में पिस्टल लेकर अमित के हाथ से छोटा बैग छीनने की कोशिश करता है। पिस्टल दिखाकर डराने का प्रयास करते हैं बदमाश अमित पीछे हटकर बैग बचाने का प्रयास करते हैं। इसी बीच बाइक पर बैठा दूसरा बदमाश भी पिस्टल निकालकर अमित की ओर तान देता है। दोनों बदमाश लगातार उन्हें डराने की कोशिश करते हैं, लेकिन मौके पर फायर नहीं करते। जब अमित बैग छोड़ने से पीछे हटते हैं तो काले कपड़े वाला बदमाश पिस्टल की बट से उनके माथे पर जोरदार वार कर देता है। वार लगते ही अमित घायल होकर सड़क पर गिर पड़ते हैं। इसके बाद बदमाश उनके हाथ से छोटा बैग छीनकर बाइक पर बैठे साथी को थमा देता है और दोनों तुरंत मौके से फरार हो जाते हैं। भागते समय किया हवाई फायर बताया जा रहा है कि इस वारदात में एक तीसरा युवक भी शामिल था, जो आसपास खड़ा होकर नजर रख रहा था ताकि कोई बदमाशों का पीछा न कर सके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाश भागते समय दहशत फैलाने के लिए एक हवाई फायर भी कर गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर बाहर निकल आए, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। कर्मचारी ने तुरंत पुलिस और परिचितों को घटना की सूचना दी। घायल अमित कुमार को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके माथे पर आई गहरी चोट पर टांके लगाए। भाजपा से जुड़े और कृषि मंत्री के करीबी हैं ज्वेलर बताया जा रहा है कि अमित कुमार भाजपा से जुड़े हुए हैं और कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के करीबी माने जाते हैं। घटना के बाद थाना रादौर पुलिस, सीआईए और अन्य पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहले से रेकी कर रखी थी और दुकान बंद होने के समय की पूरी जानकारी होने के बाद योजनाबद्ध तरीके से लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
Source link
