यमुनानगर की बैंक कॉलोनी निवासी एक युवती की शादी और उसके बाद आयोजित रिसेप्शन समारोह को बाधित करने के उद्देश्य से कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार करने का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर फर्कपुर थाना पुलिस ने खेड़ा खुर्द निवासी अशोक कुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका विवाह 20 नवंबर 2025 को विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ था। शादी के बाद 27 नवंबर को शिवम पैलेस में रिसेप्शन समारोह आयोजित किया जाना था। आरोप है कि इसी समारोह को रुकवाने और उसके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की नीयत से अशोक कुमार ने एक सोची-समझी साजिश रची। युवती को कागजों में अपनी पत्नी दर्शाया शिकायत के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर अपने पुलिस विभाग में कार्यरत रिश्तेदारों के सहयोग से युवती के नाम का फर्जी विवाह प्रमाणपत्र तैयार कराया। इसके अलावा अपने आधार कार्ड और पासपोर्ट में भी कथित रूप से हेराफेरी कर युवती को अपनी पत्नी के रूप में दर्शाया। इन दस्तावेजों के आधार पर जगाधरी की अदालत में एक सिविल वाद दायर किया गया। पीड़िता का कहना है कि 26 नवंबर 2025 को मुख्य न्यायाधीश के अवकाश पर होने के कारण मामले की सुनवाई ड्यूटी जज ने की थी। उस दौरान जवाब दाखिल होने तक अंतरिम आदेश पारित किया गया। आरोप है कि अशोक कुमार ने इसी अंतरिम आदेश का गलत अर्थ प्रस्तुत कर फर्कपुर थाना पुलिस और ईआरवी-112 की टीम को गुमराह किया। पुलिस के साथ रिसेप्शन रुकवाने पहुंचा था शिकायत के मुताबिक, 26 और 27 नवंबर की रात पुलिस टीम शिवम पैलेस पहुंची और वहां मौजूद मेहमानों व रिश्तेदारों के सामने अदालत के आदेश का हवाला देते हुए समारोह रुकवाने का दबाव बनाया। इससे परिवार को सामाजिक रूप से शर्मिंदगी और बदनामी का सामना करना पड़ा। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि 11 मई 2026 को वह अपने पति के साथ अदालत में गवाही देने पहुंची थी। सुनवाई समाप्त होने के बाद जब दोनों कोर्ट रूम से बाहर निकले तो अशोक कुमार ने उन्हें रोक लिया और कथित रूप से धमकी दी। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी गई। शिकायत की जांच डीएसपी मुख्यालय को सौंपी गई। जांच के दौरान अशोक कुमार की संलिप्तता सामने आने की पुष्टि हुई, जबकि शिकायत में नामजद अन्य लोगों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिले। जांच रिपोर्ट के आधार पर फर्कपुर थाना पुलिस ने अशोक कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link
यमुनानगर में फर्जी विवाह प्रमाणपत्र बनाकर शादी रुकवाने की साजिश:पुलिस को लेकर रिसेप्शन रुकवाने पहुंचा आरोपी, युवक पर केस दर्ज
