spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

यमुनानगर में पोस्टमार्टम ने बदली कोर्टकर्मी डेथ केस की दिशा:ब्रेन हेमरेज से मौत, शरीर पर रगड़ के निशान; सड़क हादसे के एंगल पर बढ़ी जांच




यमुनानगर के कैत गांव के पास झाड़ियों में मिले कुरुक्षेत्र जिला कोर्ट के कर्मचारी गुरमेल सिंह की मौत का मामला पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नए मोड़ पर पहुंच गया है। रिपोर्ट में मौत की वजह ब्रेन हेमरेज बताई गई है, जबकि सिर की किसी भी हड्डी में फ्रैक्चर नहीं मिला। वहीं शरीर पर कई स्थानों पर चोट और पेट पर रगड़ के निशान मिलने से मौत की परिस्थितियां और उलझ गई हैं। ऐसे में पुलिस अब मेडिकल रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। वाहन के चपेट में आने की आशंका पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों के अनुसार यदि सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया होता तो सिर की हड्डियों में फ्रैक्चर मिलने की संभावना रहती। लेकिन जांच में ऐसा कोई फ्रैक्चर सामने नहीं आया। इसके विपरीत शरीर पर मिले चोट और रगड़ के निशान इस ओर संकेत करते हैं कि गुरमेल किसी वाहन की चपेट में आए हो सकते हैं। हालांकि यह सामान्य सड़क हादसा था या जानबूझकर टक्कर मारी गई, इसका जवाब अभी जांच के बाद ही मिलेगा। काले रंग की संदिग्ध कार तक पहुंची पुलिस पुलिस घटनास्थल पर मिले टायरों के निशान, खून के धब्बों और अन्य भौतिक साक्ष्यों का मिलान कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी दोबारा खंगाली जा रही है, ताकि गुरमेल की आखिरी गतिविधियों और किसी संदिग्ध वाहन की आवाजाही का पता लगाया जा सके। जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक पुलिस काले रंग एक संदिग्ध कार तक पहुंची है और उससे जुड़े व्यक्ति से पूछताछ भी की गई है। हालांकि अधिकारियों ने इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जब तक सभी तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो जाते, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। हत्या के आरोपों की भी जांच जारी गुरमेल सिंह सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। कुछ घंटे बाद उनका शव ओल्ड सहारनपुर रोड पर कैत के पास झाड़ियों में मिला था। परिजनों ने बेटे सुमित की इंटरकास्ट लव मैरिज को लेकर रंजिश का आरोप लगाते हुए बेटे के ससुराल पक्ष के छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर हत्या और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस एक साथ सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। सदर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह का कहना है कि अंतिम निष्कर्ष मेडिकल रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और अन्य जांच के आधार पर ही निकाला जाएगा। किसी भी संभावना को फिलहाल पूरी तरह खारिज नहीं किया गया है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles