![]()
यमुनानगर के रादौर में 9 जुलाई को ज्वेलर से करीब चार लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार बदमाशों के साथ सोमवार रात को रादौर के कांजनू नहर पुल के पास अपराध शाखा-2 (CIA-2) की टीम की जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। इस दौरान करीब 30 राउंड दोनों ओर से फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीन बदमाशों के पैरों में गोली मारकर उन्हें घायल कर दिया, जबकि चौथे आरोपी को मौके से ही दबोच लिया। मुठभेड़ के दौरान सीआईए-2 के इंचार्ज राकेश और हेड कांस्टेबल कुलदीप की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी, जिससे दोनों बाल-बाल बच गए। करनाल और सोनीपत के रहने वाले हैं बदमाश घायल बदमाशों की पहचान इंद्री के गांव पटहेड़ा निवासी रवि, सोनीपत जिले के गांव खेड़ी तागा निवासी सतबीर तथा पवन उर्फ पुन्ना के रूप में हुई है। चौथे आरोपी परवीन को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन पिस्टल भी बरामद की हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। रात को डीएसपी रजत गुलिया भी अस्पताल पहुंचे और आरोपियों से जुड़ी जानकारी ली। वारदात की सूचना पर पहुंची थी पुलिस, बदमाशों ने शुरू कर दी फायरिंग पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि रादौर ज्वेलर लूटकांड में शामिल चार आरोपी कांजनू नहर पुल के पास किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। सूचना के आधार पर CIA-2 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाश भागने लगे और पुलिस पार्टी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से करीब 30 राउंड फायर हुए। जवाबी फायरिंग में तीन बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जबकि चौथे आरोपी को पुलिस ने मौके से ही काबू कर लिया। पहले ही दो आरोपी सात दिन की रिमांड पर इस मामले में पुलिस पहले ही गांव पटहेड़ा (इंद्री) निवासी संदीप और करनाल जिले के गांव पाड़ा निवासी नीरज को गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों आरोपियों को अदालत से सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के अनुसार इन्हीं से पूछताछ के दौरान फरार साथियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले थे। 9 जुलाई को ज्वेलर से लूटा था चार लाख रुपये का बैग 9 जुलाई की रात रादौर के मेन बाजार स्थित शाकुंभरी ज्वेलर्स के संचालक अमित कुमार दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान तीन नकाबपोश बदमाश बुलेट बाइक पर पहुंचे और पिस्टल की बट से उनके सिर पर हमला कर करीब चार लाख रुपये की नकदी और चाबियों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। भागते समय बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर भी किया था। पूरी वारदात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। लूटकांड के बाद कई दिनों तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर रहे। इसे लेकर ज्वैलर्स एसोसिएशन ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी और पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई थी। पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले पुलिस सूत्रों के अनुसार पकड़े गए आरोपियों पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इतना ही नहीं उनके ऊपर 5-5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित है। अब पुलिस उनसे रादौर ज्वेलर लूटकांड के अलावा अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में भी जांच की जा रही है।
Source link
यमुनानगर में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़:तीन के पैरों में मारी गोली, दोनों तरफ से 30 राउंड फायरिंग, दो पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी लगी







