spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

यमुनानगर में पंजाब के ट्रक ड्राइवर की करंट से मौत:लोड पर तिरपाल डालते हाईटेंशन तारों की चपेट में आया, एक बेटी का पिता था




यमुनानगर के छछरौली थाना क्षेत्र स्थित मोहियुद्दीनपुर के स्टोन क्रेशर पर एक दर्दनाक हादसे में 38 वर्षीय ट्रक चालक की मौत हो गई। चालक लोड किए गए कोर्स सैंड पर तिरपाल डाल रहा था, तभी वह ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने के बाद वह ट्रक से नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। उसे तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान पंजाब के गुरदासपुर जिले के गांव कोट मंजलस निवासी प्रणाम सिंह (38) के रूप में हुई है। वह एक बेटी का पिता था और पिछले करीब डेढ़ वर्ष से कंपनी के ट्रक पर चालक के रूप में कार्यरत था और मोहियुद्दीनपुर से निर्माण सामग्री की ढुलाई करता था। छछरौली थाना पुलिस ने मामले में स्टोन क्रेशर के मालिक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामी ने फोन पर दी मामा के मौत की जानकारी मृतक के भांजे जंगबहादुर सिंह निवासी पंजाब के जिला गुरदासपुर के बटाला ने बताया कि उसका मामा प्रणाम सिंह पिछले करीब डेढ़ साल से कंपनी में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत था। वह मोहियुद्दीनपुर स्थित जय लक्ष्मी स्टोन क्रशर से रेत, बजरी और अन्य निर्माण सामग्री लोड कर विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करता था। उसे शाम को उसकी मामी राजविंद्र कौर का फोन आया, जिन्होंने बताया कि प्रणाम सिंह स्टोन क्रशर पर ट्रक में कोरसैंड (निर्माण सामग्री) लोड करवाने के बाद उसे समतल कर तिरपाल डाल रहा था। इसी दौरान ट्रक के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आने से उसे करंट लग गया और वह ट्रक से नीचे गिर पड़ा। करंट लगने से नीचे गिरकर सिर में आई चोट गिरने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट लगी। वहां मौजूद क्रशर कर्मचारी गौरव कुमार और दूसरे ट्रक चालक जितेंद्र कुमार उसे तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि सूचना मिलने पर वह अपने भाई और अन्य रिश्तेदारों के साथ सिविल अस्पताल पहुंचा, जहां उसने शव की पहचान की और घटना की पूरी जानकारी जुटाई। उसके अनुसार उसके मामा की मौत जय लक्ष्मी स्टोन क्रशर मालिक की लापरवाही के कारण हुई है। हाईटेंशन तार के नीचे रैंप होने से हुआ हादसा भांजे ने आरोप लगाया कि क्रशर मालिक ने ट्रकों में सामग्री लोड करने के लिए जो रैंप बनाया है, वह सीधे 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के नीचे स्थित है। इसी वजह से तिरपाल डालते समय प्रणाम सिंह बिजली के तार की चपेट में आ गया। भांजे ने बताया कि प्रणाम सिंह की मौत के बाद घर में उसकी बेटी, पत्नी व मां ही बचे हैं। छछरौली थाना पुलिस ने जंगबहादुर सिंह की शिकायत पर स्टोन क्रेशर के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और लापरवाही के पहलुओं की जांच कर रही है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles