![]()
मोहाली के बलौंगी इलाके में एक युवक की करीब 3 लाख रुपए कीमत वाली नई यामाहा एमटी-15 बाइक चोरी हो गई। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें आरोपी का चेहरा भी साफ दिखाई दे रहा है। इसके बावजूद शिकायत और सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद भी बलौंगी थाना पुलिस अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। चोरी की वारदात पुलिस स्टेशन से कुछ ही दूरी पर हुई, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित इरफान ने बताया कि वह पिछले करीब 4 महीने से बलौंगी स्थित गबाला हाउस में किराए पर रह रहा है। इरफान मोहाली फेज-5 स्थित एक निजी कंपनी में टेली कॉलिंग का काम करता है। उसने अपनी मेहनत की कमाई से करीब एक महीने पहले यामाहा एमटी-15 बाइक खरीदी थी, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख रुपए है। अब पढ़ें क्या है पूरा मामला:- चेहरा साफ, फिर भी गिरफ्तारी नहीं पीड़ित इरफान ने बताया कि बाइक चोरी होने के तुरंत बाद उसने बलौंगी थाना पुलिस में लिखित शिकायत दी। शिकायत के साथ उसने घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस को सौंप दी। फुटेज में आरोपी का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है और उसकी हर गतिविधि रिकॉर्ड हुई है। इसमें साफ नजर आता है कि वह पहले साइकिल पर आया, घर में घुसकर बाइक की चाबी चुराई और फिर वहां से चला गया। कुछ मिनट बाद वह दोबारा लौटा और बाइक चोरी कर फरार हो गया। इरफान का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि आरोपी आसपास के इलाके का ही रहने वाला है। यदि वह दूर से आया होता तो चाबी लेकर सिर्फ तीन-चार मिनट में दोबारा मौके पर नहीं पहुंच सकता था। पहले वह साइकिल पर आया, फिर चाबी लेकर चला गया और कुछ ही मिनट बाद पैदल वापस लौट आया। इससे लगता है कि उसने साइकिल पास में कहीं छिपाई या रखी और उसका ठिकाना घटनास्थल के आसपास ही है। इरफान ने यह भी बताया कि आरोपी पड़ोस के घर से हेलमेट चोरी कर ले गया, जिसकी जानकारी भी उसने पुलिस को दी। इसके बावजूद पुलिस ने न तो आसपास के लोगों से गंभीरता से पूछताछ की और न ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। पहली किस्त भी नहीं भरी थी इरफान ने बताया कि उसने करीब 50 हजार रुपए की डाउन पेमेंट देकर बाइक खरीदी थी। बाइक खरीदने के बाद अभी एक महीना ही हुआ था। उसकी पहली मासिक किस्त 4 अगस्त को जानी थी, जो 6,500 रुपए है। उससे पहले ही चोर उसकी नई बाइक चोरी कर ले गया। पीड़ित का कहना है कि उसने अपनी मेहनत की कमाई से यह बाइक खरीदी थी, लेकिन अब पुलिस की धीमी कार्रवाई के कारण उसे न्याय मिलने की उम्मीद कम होती जा रही है। उसने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी बाइक बरामद करे। जांच अधिकारी बोले- मिल नहीं रहा आरोपी मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी जसविंदर सिंह ने कहा कि चोरी करने वाले आरोपी का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है। उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है, लेकिन वह अभी तक नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि चोर आसपास ही रहता है, क्योंकि साइकिल खड़ी करने के बाद वह 3 से 4 मिनट में वापस आया और बाइक चोरी कर ले गया।
Source link
मोहाली में 3 लाख की नई बाइक चोरी:साइकिल पर आया चोर CCTV में कैद; पुलिस थाने से चंद कदम पर वारदात







