![]()
कैथल जिले के चीका कस्बे में शादी के महज तीन महीने बाद 24 वर्षीय विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। परिजनों ने मृतका के पति, ससुर और देवर पर फंदा लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि मृतका दो माह की गर्भवती थी और उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका की पहचान करनाल जिले के गांव अलवाला निवासी मीनाक्षी के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब तीन महीने पहले चीका निवासी मंगत राम से हुई थी, जो चीका में मेडिकल स्टोर संचालित करता है। मां बोलीं-पंखे पर लटकी मिली बेटी मृतका की मां सरोज ने बताया कि शनिवार रात उनकी बेटी से फोन पर बात हुई थी। उस दौरान उसने कहा था, “मुझे यहां से घर ले जाओ, मैं यहां बहुत तंग हूं।” परिवार ने अगले दिन सुबह उसे लेने जाने का फैसला किया था, लेकिन उससे पहले ही ससुर का फोन आ गया। सरोज के अनुसार उसकी बेटी के ससुर ने फोन पर बताया कि उनकी बेटी पंखे से लटकी हुई है। जब परिवार मौके पर पहुंचा तो मीनाक्षी मृत मिली। बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे परिजनों का आरोप है कि उसे फंदा लगाकर मारने के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि शादी में अपनी हैसियत के अनुसार दान दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी को ताने दिए जाते थे और कहा जाता था, “तुम तो बांगर के डांगर हो, अगर मेरे लड़के का रिश्ता पंजाब में करते तो ज्यादा दहेज मिलता। परिजनों ने पति, ससुर और देवर के खिलाफ हत्या व दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी रणदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है और परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
Source link







