![]()
गुरदासपुर में अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर बटाला के पास उधोवाल अड्डे में सड़क हादसा हो गया। मां वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक टेम्पो ट्रैवलर टिप्पर से टकरा गई। हादसे में 2 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, उधोवाल अड्डे के पास आगे चल रहा एक टिप्पर अचानक पक्की सड़क छोड़कर कच्चे रास्ते की ओर उतर गया। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार टेम्पो ट्रैवलर उसके पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे का शिकार हुए सभी श्रद्धालु मानसा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे मां वैष्णो देवी के दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को बटाला के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अमृतसर रेफर कर दिया। हादसे के बाद की 2 PHOTOS… टिप्पर के अचानक मोड़ने से हादसा ‘पांडे टूर एंड ट्रैवल’ बटाला के सदस्य सुदेश कुमार बोबिया ने बताया कि हादसा सुबह करीब 6 बजे उस समय हुआ जब आगे चल रहा एक टिप्पर मुख्य हाईवे से नीचे स्लिप रोड की तरफ उतर रहा था। टिप्पर के अचानक मोड़ने के कारण पीछे से आ रही तेज रफ्तार टेम्पो ट्रैवलर सीधे टिप्पर के पिछले हिस्से से जा टकराई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार पूरी गलती टिप्पर ड्राइवर की थी। इस टेम्पो ट्रैवलर में ड्राइवर समेत कुल 15 यात्री सवार थे। कंपनी टूर के तहत माता वैष्णो देवी के दर्शन करने गए थे। ये सभी पहले श्रीनगर गए थे और फिर कटरा में दो दिन बिताने के बाद वे रात करीब 10 बजे वहां से चले थे। उन्हें अमृतसर में रुकने के बाद बठिंडा के तलवंडी साबो में ड्रॉप होना था। एक की मौके पर, दूसरे की रास्ते में हुई मौत हादसे की सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस और एसएसएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। ट्रैवलर के मालिक सुदेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने सभी पैसेंजरों को क्षतिग्रस्त गाड़ी से सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत सिविल अस्पताल बटाला पहुंचाया। इस हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों में एक पुरुष और एक महिला शामिल हैं। तीन गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद गुरु नानक देव अस्पताल, अमृतसर रेफर किया गया है। एक यात्री के सिर पर गहरी चोट है, जबकि गाड़ी के ड्राइवर की हालत भी क्रिटिकल बनी हुई है। मामले की जांच कर रही पुलिस मौके पर पहुंचे एसएसएफ चौकी इंचार्ज हरदियाल जौहल ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने अलग-अलग अस्पतालों में रेफर किए गए घायलों के बयान दर्ज करने और टिप्पर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
खबर को हम लगातार अपडेट कर रहे हैं…
Source link
मां वैष्णो देवी से लौट रहे 2 श्रद्धालुओं की मौत:14 गंभीर घायल, गुरदासपुर में टिप्पर में घुसी टेम्पो ट्रैवलर, परखच्चे उड़े







