![]()
हरियाणा के महेंद्रगढ़ में विधायक कंवर सिंह यादव ने खिड़की दोहान नदी में पाइपलाइन के माध्यम से नहरी पानी पहुंचाने की परियोजना का शुभारंभ किया। लगभग 12 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली यह 8 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन 1600 एमएम व्यास की होगी। इससे क्षेत्र में पानी की लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है। विधायक कंवर सिंह यादव का ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। उन्होंने बताया कि यह योजना क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों के लिए अत्यधिक लाभकारी सिद्ध होगी, जिससे भूजल स्तर में सुधार होगा और खेती के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी विधायक यादव ने जोर दिया कि क्षेत्र में गिरते भूजल स्तर को सुधारना उनकी प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने इस परियोजना को जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया, जिससे आसपास के गांवों में भूजल स्तर में सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल पानी पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी, फसलों की पैदावार बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। सरकार जल संरक्षण और बेहतर प्रबंधन के प्रति गंभीर है। निर्धारित समय सीमा में पूरा हो काम विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना का कार्य निर्धारित समय सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाएं खेती को मजबूत करने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने में भी सहायक होंगी। ये अधिकारी और पदाधिकारी रहे मौजूद इस अवसर पर सिंचाई विभाग के एक्सईएन संदीप नासिर सहित कनिष्ठ अभियंता हितेश, सुनील, खेड़की गोशाला प्रधान राजेश यादव, पूर्व प्रधान राजकुमार मेई, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र, प्रकाश नंबरदार खेड़की, सुरेश कुमार, विजय सरपंच, सरपंच हरद्वारी लाल, सिंह राम, गुगन बोहरा, राम सिंह सैनी, लाल सिंह मास्टर, बहादुर सिंह, विद्याधर, अनिल, जगदेव, छंगा राम आदि आस पास के गावों के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Source link
महेंद्रगढ़ में दोहान नदी में नहरी पानी परियोजना शुरू:विधायक कंवर सिंह ने किया शुभारंभ, 12 करोड़ की लागत से 8 KM पाइपलाइन







