![]()
हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिला में सावन माह, कांवड़ यात्रा और बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने रेल यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे प्रशासन ने अगस्त माह के दौरान जिले के नारनौल, महेंद्रगढ़, अटेली, निजामपुर, बाछौद और अमरपुर जोरासी स्टेशनों से होकर गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे लगाने का निर्णय लिया है। इससे यात्रियों को सीट उपलब्ध होने में सुविधा मिलेगी और भीड़भाड़ की समस्या भी काफी हद तक कम होगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार सावन के दौरान धार्मिक यात्राओं, कांवड़ यात्रा और रक्षाबंधन जैसे त्योहारों के चलते ट्रेनों में यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभिन्न रेल सेवाओं में अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच जोड़े जा रहे हैं। सीकर-दिल्ली में बढ़े डिब्बे महेंद्रगढ़ स्टेशन पर ठहराव करने वाली दिल्ली सराय-सीकर-दिल्ली सराय एक्सप्रेस (14713/14714) में 5 अगस्त से 4 सितंबर तक एक थर्ड एसी, एक स्लीपर तथा एक सामान्य श्रेणी का अतिरिक्त डिब्बा लगाया जाएगा। इससे दिल्ली, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ और सीकर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। विशेष रूप से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को आरक्षण मिलने की संभावना बढ़ेगी। नारनौल से गुजरने वाली ट्रेनों में राहत इसके अलावा जयपुर मंडल के अंतर्गत संचालित कई प्रमुख रेल सेवाओं में भी अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे। रेलवे के अनुसार मदार-रेवाड़ी-मदार (19617/19618), रेवाड़ी-फुलेरा-रेवाड़ी (19619/19620 एवं 19621/19622) तथा जयपुर-रेवाड़ी-जयपुर (09635/09636) रेल सेवाओं में 1 अगस्त से 31 अगस्त तक पांच-पांच अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के डिब्बे जोड़े जाएंगे। इन ट्रेनों का लाभ नारनौल, अटेली, निजामपुर, बाछौद और अमरपुर जोरासी स्टेशन के यात्रियों को मिलेगा। भिवानी के यात्रियों को भी लाभ वहीं भिवानी-कालका-भिवानी (14795/14796) रेल सेवा में 1 अगस्त से 31 अगस्त तक तीन अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त भिवानी-ढेहर का बालाजी (जयपुर) -भिवानी (14705/14706) रेल सेवा में 2 अगस्त से 1 सितंबर तक तीन अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे। इनके अलावा रेलवे ने 49 जोड़ी ट्रेनों के डिब्बों में वृद्धि की है। यात्रियों को सीधा लाभ रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाने से यात्रियों को खड़े होकर यात्रा करने की मजबूरी कम होगी और त्योहारों व धार्मिक आयोजनों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को बेहतर ढंग से नियंत्रित किया जा सकेगा। रेलवे के इस निर्णय से महेंद्रगढ़ जिले सहित दक्षिण हरियाणा के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
Source link
महेंद्रगढ़ जिले से गुजरने वाली ट्रेनों में लगेंगे अतिरिक्त डिब्बे:सीकर-दिल्ली एक्सप्रेस में एसी, स्लीपर और जनरल कोच बढ़े, भिवानी-जयपुर में भी राहत







