भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठनात्मक फेरबदल करते हुए मनिंदर सिंह कप्याल को संगरूर-1 का नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस बड़ी नियुक्ति की घोषणा के बाद संगरूर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में जश्न का माहौल देखा गया। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष के कार्यालय पहुंचने पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूलों के हार पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। मनिंदर सिंह कप्याल की नियुक्ति से उत्साहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय के बाहर ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर भांगड़ा डाला। इस खुशी के मौके पर कार्यकर्ताओं और नेताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और लड्डू बांटे। पार्टी के स्थानीय व राज्य स्तरीय नेताओं ने कप्याल को फूलों के गुलदस्ते भेंट कर उनकी इस नई और अहम जिम्मेदारी के लिए ढेरों बधाई व शुभकामनाएं दीं। पंजाब के 16 जिलों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी ने हाल ही में संगठनात्मक मजबूती को देखते हुए पंजाब के 16 सांगठनिक जिलों में नए जिला अध्यक्षों की घोषणा की है। इसी कड़ी के तहत जमीनी स्तर पर सक्रिय मनिंदर सिंह कप्याल की कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें संगरूर-1 की कमान सौंपी गई है। पार्टी नेताओं ने उम्मीद जताई कि उनके सांगठनिक अनुभव के नेतृत्व में संगरूर जिले में भाजपा का ग्राफ और तेजी से बढ़ेगा। हाईकमान और केवल सिंह ढिल्लों का जताया आभार अपनी नियुक्ति पर खुशी जाहिर करते हुए नवनियुक्त जिला अध्यक्ष मनिंदर सिंह कप्याल ने भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व, केंद्रीय हाईकमान और पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और लगन के साथ निभाऊंगा। हम सभी कार्यकर्ता और नेता एकजुट होकर भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों को पंजाब के जन-जन तक पहुंचाएंगे और आने वाले समय में संगठन को हर बूथ स्तर पर मजबूत करने के लिए दिन-रात काम करेंगे।” इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी, मोर्चा के अध्यक्ष और सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने नए जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिया।
Source link
मनिंदर काप्याल बने संगरूर बीजेपी के जिला अध्यक्ष:जिले में स्वागत, कार्यालय में ढोल की थाप पर कार्यकर्ताओं ने डाला भांगड़ा, लड्डू बांटे
