Related Posts

बठिंडा में वकीलों की भूख हड़ताल शुरू:बोले- लीगल एड डिफेंस काउंसिल से अपराधियों को फायदा, पंजाबभर में कामकाज ठप




पंजाब में ‘लीगल एड डिफेंस काउंसिल’ के विरोध में वकील समुदाय का आंदोलन तेज हो गया है। पिछले 20 दिनों से जारी विरोध के तहत सोमवार से प्रदेशभर के वकीलों ने कामकाज ठप कर भूख हड़ताल शुरू कर दी। बठिंडा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गुरविंदर सिंह मान और सचिव कुलदीप सिंह जीदा ने कहा कि सरकार द्वारा गठित लीगल एड डिफेंस काउंसिल का समाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। वकीलों का आरोप है कि इस व्यवस्था का लाभ जरूरतमंद और गरीब लोगों के बजाय कई आदतन और गंभीर अपराधों में शामिल आरोपी उठा रहे हैं। उनके अनुसार, मुफ्त कानूनी सहायता मिलने से कई अपराधी आसानी से कानूनी प्रतिनिधित्व प्राप्त कर लेते हैं और जमानत हासिल कर दोबारा अपराध करने लगते हैं। इससे कानून-व्यवस्था और सामाजिक संतुलन प्रभावित हो रहा है। बार एसोसिएशन बोले- इस व्यवस्था से दुरुपयोग की आशंका बढ़ रही है बार एसोसिएशन का कहना है कि संविधान में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता देने का प्रावधान है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में पात्रता के स्पष्ट मानदंड नहीं होने के कारण इसका दायरा काफी बढ़ गया है। वकीलों के मुताबिक, किसी भी प्रकार के अपराध में आरोपी व्यक्ति को मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे व्यवस्था के दुरुपयोग की आशंका बढ़ रही है। वकीलों ने यह भी कहा कि एक ओर सरकारी एजेंसियां अपराधियों के खिलाफ मुकदमे चलाती हैं, वहीं दूसरी ओर सरकारी सहायता से उन्हें कानूनी प्रतिनिधित्व भी उपलब्ध कराया जाता है। उनका मानना है कि इससे न्यायिक प्रक्रिया पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है और मामलों के निपटारे में देरी हो रही है। वकील समुदाय ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर विचार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में पंजाब के साथ-साथ हरियाणा और राजस्थान की बार काउंसिलों से भी संपर्क किया जाएगा, ताकि इस मुद्दे पर व्यापक स्तर पर संयुक्त रणनीति बनाई जा सके।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें