भिवानी के दिनोद गेट स्थित टिबड़ेवाल सभागार के सामने पिछले 65 वर्षों से किराए पर रह रहे दुकानदारों ने मंगलवार को विरोध जताया। संयुक्त संघर्ष समिति के नेतृत्व में सामाजिक, किसान, कर्मचारी, व्यापारी एवं विभिन्न वर्गों के लोगों ने दिनोद गेट पर प्रदर्शन करते हुए प्रशासन का पुतला फूंका तथा नारेबाजी की। दुकानदार प्रवीन सैनी, सतवीर सैनी ने आरोप लगाया कि 16 जून को पुलिस बल तथा कुछ संगठनों से जुड़े लोग 6 परिवारों के पास पहुंचे और उन्हें दुकानें खाली करने के लिए कहा। जब परिवारों ने संबंधित आदेश, कोर्ट के दस्तावेज अथवा शिकायत की प्रति दिखाने का अनुरोध किया तो कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया। उन्होंने कहा कि 19 जून को दिनोद गेट चौकी में लिखित शिकायत देकर असामाजिक तत्वो के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। धरनास्थल पर वक्ताओं ने कहा कि यह लड़ाई केवल 6 परिवारों की नहीं, बल्कि न्याय, संविधान और गरीबों के अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है। यदि प्रशासन दबंग और प्रभावशाली लोगों के दबाव में कार्य करेगा तो चुप नहीं बैठेंगे। शिकायत पर निष्पक्ष जांच करके कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे आंदोलन
धरने में संयुक्त संघर्ष समिति ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शिकायत में नामजद व्यक्तियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। समिति ने घोषणा की कि जल्द ही एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर पूरे भिवानी शहर में बड़े स्तर पर प्रदर्शन और जनआंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इस अवसर पर हरियाणा के विभिन्न जिलों से सामाजिक, किसान, कर्मचारी, पिछड़ा वर्ग, दलित एवं अन्य संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। धरने में दलित अधिकार मंच के प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव पालवास, मुस्लिम समाज जिला प्रधान जोरावली अली, रोशन अली, किसान सभा तहसील प्रधान संतोष देशवाल, ओमप्रकाश दलाल, भिवानी व्यापार मंडल प्रधान जेपी कौशिक, ओबीसी ब्रिगेड सदस्य लालचंद जांगड़ा, पीटीआई जिला प्रधान दिलबाग जांगड़ा, रिटायर्ड कर्मचारी नेता बलवान सिंह, पूर्व सैनिक एवं कांग्रेस सैनिक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष बिरेंद्र सिंह ग्रेवाल, एडवोकेट हितेश सैनी महम , संजय नरवाल, बॉबी मेहता, मनोज शर्मा, जनार्दन, मनीष शर्मा, पंकज शर्मा, शुभम, लता, आशीष शर्मा, दर्पण सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Source link
