पंचकूला में एक युवक ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। मरने पहले उसने पत्नी से बताया था कि कंपनी के बस ड्राइवर ने सबके सामने पीटा, इसलिए अब मुंह दिखाने लायक नहीं रहा। पिंजौर की रतपुर कॉलोनी निवासी 37 वर्षीय कुशल कुमार हिमाचल प्रदेश के बरोटीवाला स्थित माइक्रो सीमलैस कंपनी में नौकरी करता था। कंपनी की बस रोज कर्मचारियों को लाने-ले जाने का काम करती थी। 25 जून की शाम वह रोज की तरह बस से ड्यूटी के लिए गया था, लेकिन रात करीब 10:30 बजे कंपनी की एंबुलेंस से घायल अवस्था में घर पहुंचा। उसके सिर और चेहरे पर चोटें थीं। कुशल की पत्नी पूजा के अनुसार, कुशल ने बताया था कि रास्ते में कंपनी की बस के ड्राइवर रोहित निवासी रामपुर जंगी, जिला पंचकूला ने उसके साथ झगड़ा कर मारपीट की। इसके बाद कंपनी ने उसे उपचार के लिए ईएसआई अस्पताल बद्दी भेजा, जहां प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। बार-बार कहता रहा- सबके सामने बेइज्जती हो गई पूजा ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि घर लौटने के बाद उसका पति बेहद मानसिक तनाव में था। वह पूरी रात यही दोहराता रहा कि बस में हुई मारपीट के कारण अन्य कर्मचारियों के सामने उसकी बहुत बेइज्जती हुई है और अब वह कंपनी में किसी को मुंह दिखाने के काबिल नहीं रहा। अगली सुबह भी वह लगातार यही बात कहता रहा। परिवार ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मानसिक रूप से बेहद परेशान था। पत्नी नीचे गई तो फंदे पर लटका मिला कुछ देर बाद कुशल जोर-जोर से चिल्लाने लगा। इस दौरान उसकी पत्नी नीचे चली गई। वापस लौटने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की से देखा तो कुशल ने चुन्नी का फंदा बनाकर छत के पंखे से लटककर आत्महत्या का प्रयास किया था। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा। पहले जेएन शौरी अस्पताल पिंजौर ले जाया गया, जहां से सेक्टर-6 पंचकूला रेफर किया गया। बाद में उसे जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ भेजा गया, जहां 27 जून की रात करीब 12:30 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दर्ज किया केस पिंजौर थाना पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर आरोपी बस ड्राइवर के खिलाफ धारा 108 BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल का निरीक्षण कराने के लिए सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया गया तथा आगे की जांच संबंधित जांच अधिकारी को सौंप दी गई है।
Source link
बस ड्राइवर ने सबके सामने पीटा, आहत होकर लगाई फांसी:पंचकूला का युवक हिमाचल में करता जॉब; पत्नी से बोला- किसी को मुंह दिखाने लायक नहीं रहा
