Related Posts

बल्लभगढ़ की मंडी में आढ़ती पर हमला:10-12 युवकों ने लाठी-डंडों और रॉड से किए वार; परिजनों ने पुलिसकर्मी पर लगाए आरोप




फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित सदर थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर बिल्लौच की अनाज मंडी में सोमवार को दिनदहाड़े एक आढ़ती पर हमला कर दिया गया। करीब 10 से 12 युवकों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर आढ़ती को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार घायल की पहचान आढ़ती रंजीत रावत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार को रंजीत रावत अपनी आढ़त पर बैठे हुए थे और मंडी में रोजाना की तरह कामकाज चल रहा था। इसी दौरान अचानक 10-12 युवक वहां पहुंचे और बिना किसी कहासुनी के रंजीत रावत पर हमला बोल दिया। लोहे की रॉड से किए वार हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से लगातार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुए इस हमले से मंडी में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद अन्य आढ़तियों और लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन तब तक हमलावर रंजीत को घायल कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिसकर्मी पर लगाए हमला कराने के आरोप घटना के बाद घायल के परिजनों ने हमले के पीछे पुरानी रंजिश का आरोप लगाया है। रंजीत के भाई का कहना है कि कुछ दिन पहले सदर थाना का एक पुलिसकर्मी अपने साथी के साथ नशे की हालत में मंडी में आया था। उस दौरान उसने एक महिला मजदूर के साथ बदसलूकी की थी। जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। उस समय मंडी के आढ़तियों ने भी इसका विरोध किया था, जिसके बाद मामला आपसी समझौते से शांत करा दिया गया था। परिजनों का आरोप है कि उसी विवाद के चलते पुलिसकर्मी ने रंजीत रावत पर हमला करवाया है। मामले की जांच कर रही पुलिस वहीं सदर थाना प्रभारी समीर ने बताया कि आढ़ती पर हमले की सूचना पुलिस को मिली है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें