हिसार की थाना बरवाला पुलिस ने रास्ता रोककर मारपीट, गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे का पाइप भी बरामद किया है। थाना बरवाला पुलिस के अनुसार, गांव बयाणाखेड़ा निवासी रामप्रसाद ने 5 जून 2026 को शिकायत दर्ज करवाई थी कि कुछ व्यक्तियों ने उसका रास्ता रोक लिया, उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की और लोहे की पाइप से हमला कर मारपीट की। आरोपियों ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी भी दी थी। शिकायत के आधार पर थाना बरवाला में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। अन्य आरोपियों की भूमिका की जा रही जांच मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए अशोक निवासी भ्याणा खेड़ा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर झगड़े में प्रयुक्त लोहे का पाइप बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। साथ ही मामले में शामिल अन्य पहलुओं और संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था भंग करने और आम नागरिकों के साथ हिंसक घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link
बरवाला पुलिस ने मारपीट करने का आरोपी पकड़ा:रास्ता रोककर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी, लोहे का पाइप बरामद
