बरनाला की गोविंद कॉलोनी में एक युवक ने अपने बड़े भाई के ससुराल वालों से कथित प्रताड़ना के चलते आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान प्रवीण कुमार के रूप में हुई है। प्रवीण ने घर के अंदर पंखे से लटककर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को जांच के दौरान मृतक के मोबाइल से एक सुसाइड वीडियो और एक लिखित सुसाइड नोट मिला है। इसमें प्रवीण ने अपनी मौत के लिए अपनी भाभी, भाभी की मां बबीता, पिता संजीव, दो बहनें अंकिता व आशिमा और भाभी के छोटे भाई को जिम्मेदार ठहराया है। दहेज मांगने के झूठे आरोप लगाए प्रवीण ने आरोप लगाया कि भाभी का मायका परिवार उनके घर वालों को लंबे समय से प्रताड़ित कर रहा था। उन पर दहेज मांगने के झूठे आरोप लगाए गए थे। प्रवीण के अनुसार, ससुराल पक्ष ने कुछ समय पहले उसके भाई पर एक झूठा पुलिस केस भी दर्ज करवाया था, जिससे परिवार मानसिक तनाव में था। प्रवीण ने वीडियो में प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और सिविल अस्पताल बरनाला की मोर्चरी में रखवा दिया। सिटी पुलिस स्टेशन-1 के प्रभारी इंस्पेक्टर लखविंदर सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना की गहनता से जांच शुरू कर दी है और मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतक के परिजनों के बयानों, लिखित सुसाइड नोट और मोबाइल से मिले वीडियो साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
